मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। बदायूं के ककोड़ा मेले में 29 अक्तूबर को ड्यूटी करने गए स्थानीय थाने पर तैनात मुरादाबाद निवासी हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार सिंह की वहां बीमारी से मौत हो गई। वह लगभग 45 वर्ष के थे।
जानकारी मिलने पर मुरादाबाद के थाना डिलारी की पुलिस ने उनके शव का पोस्टमाॅर्टम कराया है। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि हेड कांस्टेबल प्रमोद हृदय रोगी थे। ककोड़ा मेले में ड्यूटी के दौरान उनके सीने में अचानक तेज दर्द होने लगा। इस पर उन्हें मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को सुबह उनका निधन हो गया। वह मुरादाबाद के डिलारी थानांतर्गत नूरपुर गांव के निवासी थे। थाने में हुई शोक सभा में पुलिसकर्मियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। संवाद