शाहजहांपुर के रोडवेज बस अड्डे पर तैनात प्रधान लिपिक नृपेश सिंह को बरेली से आई एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। लिपिक पर चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। टीम की कार्रवाई से रोडवेज बस अड्डे पर खलबली मच गई।
एंटी करप्शन टीम के अनुसार, प्रधान लिपिक के खिलाफ चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। चालक सुनील मिश्रा ने रुपये मांगने की शिकायत की थी। बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे टीम रोडवेज बस स्टेशन पहुंची और लिपिक को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।