आमतौर पर अनुशासित कही जाने वाली भाजपा का अनुशासन शनिवार को तार-तार हो गया। जिला कमेटी में अनियमितता बरतने, बाहर से आए लोगों और अपने चहेतों को जगह देने के आरोप लगाते हुए असंतुष्ट गुट ने जब जिला प्रभारी पूरनलाल लोधी को ज्ञापन देने की कोशिश की तो दूसरे गुट के लोगों ने विरोध कर दिया। दोनों गुटों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई और बात हाथापाई तक जा पहुंची। हालात गुत्थमगुत्था होने तक पहुंच गए तो वरिष्ठजनों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत किया। जिला कमेटी में जगह न मिलने असंतुष्ट लोगों ने जिलाध्यक्ष पर समर्पित लोगों को नजरंदाज करने का आरोप लगाया। शनिवार को भाजपा के जिला प्रभारी पूरनलाल लोधी ने वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई थी। बैठक के लिए रेलवे मालगोदाम स्थित एक होटल को चुना गया। बैठक की कार्यवाही शुरू हुई थी कि कार्यकारिणी गठन के बाद से असंतुष्ट कार्यकर्ता वहां ज्ञापन लेकर आ पहुंचे। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र पर आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी से बगावत करने वाले अपने चहेतों और दूसरी पार्टियों से आए लोगों को महत्वपूर्ण पद देकर अपनी हठधर्मिता का परिचय दिया। कमेटी गठन के लिए कोर कमेटी की बैठक बुलाई न वरिष्ठजनों को विश्वास में लिया गया। कथितरूप से गठित मंडल कमेटियों पर ही जिला चुनाव अधिकारी से मुहर लगवा ली और शिकायतों का संज्ञान नहीं लिया गया। आरोप है कि ज्ञापन देने के दौरान कुछ पदाधिकारियों ने इन कार्यकर्ताओं का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। इस पर असंतुष्ट गुट भी भड़क गया और दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ी और नौबत हाथापाई तक आ गई तो लोगों ने हस्तक्षेप किया। ज्ञापन देने वालों में नगर विधानसभा प्रभारी अनुज गुप्ता, संतोष शुक्ला, नरेश पांचाल, सुबोध मिश्रा, आनंद मिश्रा, अशर्फी सिंह, राहुल सिंह, छंगेलाल राठौर, शिवओम सक्सेना, राजेंद्र सिंह, अनिल सिंह, चंद्र प्रकाश शर्मा, रामबरन सिंह, ओम नारायण अग्रवाल, अवनीश सिंह आदि शामिल रहे।
कोई असंतुष्ट नहीं है। कार्यकर्ताओं को अपनी बात कहने का पूरा हक है। उनका ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष को भेजा जा रहा है। भाजपा पिछले तीन माह से संगठन पर्व मना रही है। अभी संपूर्ण विस्तार नहीं हुआ है। सभी को यथोचित सम्मान दिया जाएगा।
- पूरनलाल लोधी, जिला प्रभारी
संगठन को मजबूत किया जा रहा है। पहले चरण में जिला इकाई में आने वाले खुश हैं और जो रह गए, वे धैर्य छोड़ रहे हैं। अभी संगठन विस्तार की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी की मजबूती के लिए सभी को यथोचित स्थान जरूर दिया जाएगा।
- राकेश कुमार मिश्र, जिलाध्यक्ष