खुटार के गांव खजुरिया में मेडिकल स्टोर के पास कमरे को सील करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
खुटार। शुक्रवार को खुटार सीएचसी के अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने टीम के साथ कई गांवों का औचक निरीक्षक किया। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर की आड़ में मरीजों का इलाज करने वाला झोलाछाप भाग गया तो उन्होंने कमरे पर ताला डालकर सील करने के बाद दो दिनों में जवाब देने के लिए गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम सबसे पहले गांव खजुरिया पहुंची। यहां एक मेडिकल स्टोर के पास बने कमरे में मरीज भी देखे जा रहे थे। टीम देखकर मरीज देखने वाला मेडिकल स्टोर संचालक (झोलाछाप) मौके से भाग गया। मौजूद मिले कर्मचारियों से मेडिकल स्टोर के कागजात मांगे गए तो कोई नहीं दिखा सका।
इसके बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने मेडिकल स्टोर सील करने के बाद गेट पर नोटिस चस्पा करके दो दिनों में कागजात सहित जवाब मांगा। जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की बात भी कही गई। इसके बाद टीम ने गांव नरौठा देवीदास में जावेद मेडिकल स्टोर और नूरी मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर जांच की। दोनों मेडिकल स्टोरों पर मरीजों का इलाज होने की पुष्टि हुई।
इसके साथ ही एक मेडिकल स्टोर पर फ्रिज के अंदर जरूरी दवाओं की जगह पर किराने की दुकानों पर मिलने वाला सामान रखा मिला। दोनों मेडिकल स्टोर के स्वामियों को नोटिस जारी करके जवाब तलब किया गया। नगर में एक आयुर्वेदिक डाॅक्टर के यहां टीम पहुंची तो उनके यहां अंग्रेजी दवाओं से इलाज होने की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्रवाई के चलते नगर के अलावा देहात क्षेत्र में तमाम झोलाछाप और मेडिकल स्टोर दुकानें बंद करके लापता हो गए।
मेडिकल स्टोर के पास कमरे में मरीज देखे जाने पर कमरा सील करा दिया गया। नरौठा में दो मेडिकल स्टोर संचालकों और नगर में एक आयुर्वेदिक डॉक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।
- डॉ. संजीव कुमार, अधीक्षक सीएचसी खुटार