शाहजहांपुर। हनुमत धाम पर शनिवार शाम सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हनुमान चालीसा का पाठ किया। हनुमानजी के जयकारों से हनुमतधाम गूंज उठा। चालीसा के समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान रामकुमार, अभिनव तिवारी, विशेष कुमार, पुष्पेंद्र, संजय गुप्ता, सर्वेश शुक्ला, अक्षय आदि का सहयोग रहा। संवाद
000
प्रभु श्रीराम को अपनी कुटिया में पाकर भावुक हो उठीं शबरी
जैतीपुर। कस्बे में चल रही रामलीला में शनिवार को वनवास के दौरान शबरी से प्रभु श्रीराम की भेंट का मंचन किया गया। कलाकारों ने दिखाया कि भगवान को पाने के लिए शबरी कई जन्म से तपस्या कर रही थीं। भगवान श्रीराम सीता माता की खोज करते हुए शबरी की कुटिया में पहुंचे। प्रभु श्रीराम को अपने समक्ष पाकर शबरी भावुक हो उठीं। बाद में प्रभु श्रीराम को शबरी ने स्वयं चखकर अपने जूठे बेर भगवान को खिलाए। मंचन के दौरान ऋषिपाल सिंह, राम किशोर, छत्रपाल सिंह, अमन गुप्ता, जगमोहन मिश्रा, ब्रह्मानंद शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
000
प्रभु श्रीराम ने सुबाहु का वध और अहिल्या का किया उद्धार
परौर। बाबा ब्रह्मदेव मंदिर पर हो रही रामलीला में पांचवें दिन शनिवार को कलाकारों ने भगवान श्रीराम के हाथों सुबाहु के वध, मारीच को सौ योजन दूर समुद्र के पार फेंकने और अहिल्या के उद्धार आदि प्रसंगों का मंचन किया। मंचन के दौरान बाबा राज बहादुर दास, बाबा देवेंद्र दास, अरविंद कुमार राठौर, मुलायम कुशवाहा, सोनपाल सिंह आदि श्रद्धालु दर्शक मौजूद रहे। संवाद
000
मीराबाई की भगवान में अटूट आस्था का किया मंचन
कुर्रियाकलां। भमौली गांव में आयोजित रासलीला में शनिवार को वृंदावन धाम से आए कलाकारों ने मीराबाई की भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा और प्रेम का भावपूर्ण मंचन किया। मंचन के अंत में भाजपा नेता कौशल मिश्रा ने देवस्वरूप झांकियों की आरती उतारी। लीला देखने के लिए शिक्षक नेता श्यामलाल यादव, सुधांशु मिश्रा, सुधीर यादव, फिरंगी लाल, अमित कुमार आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद