शाहजहांपुर। बिजली अभियंताओं और कर्मचारियों की तीन दिन से जारी हड़ताल से जिले की बिजली व्यवस्था शनिवार शाम से ध्वस्त हो गई। प्रशासन के हस्तक्षेप पर कल दिन में खराब हुईं हाईटेंशन लाइनें शाम करीब चार बजे चालू हो सकीं, लेकिन एक घंटे बाद ही फिर से लाइनों में फॉल्ट होने लगे। शहर के कई उपकेेंद्रों की लाइनें रातभर बंद रहने से आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। रविवार को भी दिनभर बिजली अभियंता और कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर डटे रहे, लेकिन लखनऊ में ऊर्जा मंत्री से संतोषजनक वार्ता की सूचना मिलने के बाद शाम पांच बजे हड़ताल खत्म कर दी गई।
शनिवार को दिनभर तकनीकी खराबी से बंद रहने के बाद चालू हुई ककरा उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में शाम 4.45 बजे फिर खराबी आ गई। बाद में अब्दुल्लागंज, सरायकाइयां, हथौड़ा आदि उपकेंद्रों की 33 केवी इनकमिंग लाइनें भी तकनीकी खराबी से बंद हो गईं। कहीं शार्ट सर्किट तो कहीं तार टूटने से बंद हो गईं। इस दौरान अभियंता अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर कार्य बहिष्कार पर डटे रहे। नतीजे में ये लाइनेें रात में ठीक नहीं हो सकीं। इस कारण ककरा कलां, तिलहरजई, अलीजई (आंशिक), मदराखेल, लोहारों का चौराहा, विश्वकर्मा चौक, आनंदपुरम, आजादपुरम, सिंजई (आंशिक), सरायकाइयां, दीवान जोगराज, जियाखेल, मोहम्मद जई, मिश्रीपुर, हथौड़ा, लोधीपुर आदि क्षेत्रों के लोग रात मेें बिजली को तरस गए।
अधिकारियों के संज्ञान में कई लाइनें ठप होने की जानकारी आने पर अधीक्षण अभियंता ने विभागीय लाइन मैनों और संविदा कर्मचारियों से सबसे पहले 33 केवी इनकमिंग लाइनें ठीक कराईं। रविवार को तड़के 3.45 बजे ककरा की इनकमिंग लाइन चालू हुई और उसके बाद बारी-बारी अन्य लाइनें भी सुबह आठ बजे तक सुचारु की गईं। इसके बावजूद दोपहर बाद तक ककरा, गोविंदगंज, अब्दुलागंज, सिटी पार्क उपकेंद्रों से जुड़ी लाइनेें ट्रिपिंग के कारण बार-बार बंद होती रहीं। लाइनें चालू होते ही सबसे पहले लोगों ने सब-मर्सिबल पंप चलाकर पानी की टंकियां भरीं क्योंकि हड़ताल के कारण लोगों में बिजली आपूर्ति को लेकर आशंका बनी रही।
0000000
पांच घंटे पहले खत्म हुआ कार्य बहिष्कार
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर बिजली अभियंताओं के 72 घंटे के कार्य बहिष्कार की अवधि रविवार रात दस बजे पूरी होनी थी। इसलिए बीते दिन की आज भी अभियंता हड़ताल पर बने रहे, लेकिन शाम पांच बजे समिति के केंद्रीय पदाधिकारियों से जिला संयोजक अभिषेक राय को सूचना मिली कि मुख्य मांग पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से हुई वार्ता में सहमति बन गई है। केंद्रीय नेतृत्व से मिले दिशा निर्देश के अनुसार अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में बैठक कर हड़ताल वापस ले ली। इस दौरान एक्सईएन अरविंद कुमार व राजकुमार कुर्मी, एसडीओ सौरभ शाक्य, राजेश सिंह, महेंद्र कुमार, जेई केके पटेल, तेजराम कठेरिया, सुधीर शर्मा, गुलशन कुमार, देवराज सिंह, अमितेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
0000000
अभियंताओं व कर्मचारियों को तत्काल ड्यूटी लेने के निर्देश
हड़ताल स्थगित होने की सूचना मिलने पर एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने अधीक्षण अभियंता पीतम सिंह को निर्देश दिए कि वह सभी कर्मचारियों को निर्देशित करें कि वह अपनी तैनाती वाले विद्युत उपकेंद्रों पर तत्काल ड्यूटी लेकर पूर्व की भांति सुचारू रूप से कार्य करना शुरू करें। अधीक्षण अभियंता के अनुसार सभी अभियंताओं और कर्मचारियों ने पूर्ववत अपने कार्य दायित्व संभाल लिए हैैं।