फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेढ़ लाख लोगों ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

Wed, 25 Nov 2015 11:15 PM IST
मिर्जापुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
मेला ढाईघाट में मुख्य पर्व कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर डेढ़ लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा मइया में डुबकी लगाकर गंगा पुरोहितों को अन्न, वस्त्र और नकद मुद्रा दान कर पुण्य अर्जित किया। सुबह चार बजे से शुरू हुआ गंगा स्नान का क्रम सायं तीन बजे तक जारी रहा।
विज्ञापन

भोर की किरण फूटने से पहले हर हर गंगे के उद्घोष के साथ शुरू हुआ गंगा स्नान का क्रम सायं तक चलता रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मेले में जरूरत की वस्तुओं की खरीददारी की। वृद्ध और धार्मिक प्रवृति के श्रद्धालुओं ने आर्य समाज के पंडाल में प्रवचन का लाभ उठाया। मेले मे मिलावट खोरी का आलम यह रहा कि चाट पकौड़ी में बेसन की जगह मैदा और खोये की मिठाई के नाम पर मैदा, आलू और शकरकंद की मिठाई की खुलेआम बिक्री हुई।
मेले में पेयजल की भारी किल्लत रही। चाट-पकौड़ी और गरमा गर्म जलेबी खाने के बाद लोगों को प्यास बुझाने के लिए भटकना पड़ा। बाजार में लगे हैंडपंप भीड़ के दबाव में दगा दे गए। गंगाघाटों और दुकानों के बीच स्थान कम होने तथा घाट मार्गों पर भी दुकानें लगवा दिये जाने से लोगों को गंगातट पर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रसाद की दुकानों पर घटतौली भी मेले मे चर्चा का विषय रही।
विज्ञापन

सेहरामऊ दक्षिणी। क्षेत्र के भरगवां और नागरपाल स्थित गर्रा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान यहां लगे मेला में महिलाओं और बच्चों ने खूब खरीददारी की।

मुख्य पर्व पर भी वाच टावर रहे खाली
मिर्जापुर। मेले की निगरानी के लिए जिला पंचायत द्वारा प्रशासनिक निर्देश पर बनाए गये पांच वाच टावर मुख्य पर्व पर भी खाली रहे। वाच टावर खाली पड़े रहने से इन्हें बनाये जाने का उद्देश्य ही समाप्त हो गया।

शिविर ने 43 खोये हुए बच्चों, बुजुर्गों को मिलवाया
मिर्जापुर। मेले में बनाए गए खोया पाया शिविर के माध्यम से 43 बच्चों और वृद्धों को उनके परिजनों से मिलवाया गया। शिविर में तैनात पुलिसकर्मी बच्चों का साथ छोड़ देने वाले अभिभावकों को मेले की भीड़ में बच्चों को संभाल कर रखने की नसीहत देकर सौंप रहे थे।

फ्लड यूनिट की निगरानी में हुआ गंगा स्नान
मिर्जापुर। मुख्य पर्व पर स्नानार्थियों की सुरक्षा में पीएसी की फ्लड यूनिट टीम गोताखोरों के साथ मोटर बोट से पूरे दिन गंगाघाटों पर निगरानी करती रही। गंगा में की गई बैरीकेडिंग से आगे डेंजर जोन में स्नान करने जाने वालों को सख्ती से रोकती रही। फ्लड टीम की सक्रियता से इस बार कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

पुलिस ने संदिग्धों को कोतवाली में बैठाया
मिर्जापुर। मेला पुलिस ने गंगाघाटों पर संदिग्ध घूम रहे आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठाए रखा। इस बार पुलिस की सक्रियता से मेले में चोरी, जेबकतरी और उठाईगीरी की कोई घटना नहीं हुई।

सीसीटीवी से एसडीएम, सीओ ने रखी नजर
मिर्जापुर। मेले में एसडीएम वंदना त्रिवेदी और सीओ आदेश कुमार त्यागी सीसीटीवी कैमरे से पूरे मेले पर नजर रखे रहे। एसओ प्रभुकांत और कोतवाली प्रभारी कुलदीप मिश्रा मेले में भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखे।

गंगा स्नान को आए राज्यमंत्री जाम में फंसे
मिर्जापुर। मेला मार्ग पर ढाईगांव में बिछिया छुट्टी नदी पर बने सिंगल लाइन पुल पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ ही दरोगा अशोक कुमार पाल तैनात रहे। फिर भी मेले में जाने आने वाले वाहन पुल पर फंस जाने से लगे जाम में राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा फंस गये। राज्यमंत्री ने जाम से परेशान होकर एसओ से शिकायत की, तब कहीं जाकर उन्हें जाम से निजात मिली।

निष्प्रयोज्य साबित हुई कृषि विकास प्रदर्शनी
मिर्जापुर। मेले में लाखों खर्च कर किसानों को लाभान्वित करने के लिए लगाई गई कृषि विकास प्रदर्शनी निष्प्रयोज्य साबित हुई। प्रदर्शनी में कृषि वैज्ञानिकों के समय से नहीं पहुंचे। अधीनस्थों की जानकारी किसानों को प्रभावित नहीं कर सकी। इससे मुख्य पर्व पर भी कृषि प्रदर्शनी में पड़ी कुर्सियां खाली पड़ी रहीं।

मेला ड्यूटी पर नहीं आए दो दर्जन पुलिसकर्मी
मिर्जापुर। एसपी के आदेश के बाद भी मेला ड्यूटी पर लगाए गए दो दर्जन के करीब पुलिसकर्मी मेला ड्यूटी से गायब रहे। मेला कोतवाली प्रभारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि पुलिस आफिस के सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी पर आए हैं, लेकिन कुछ थानों के सिपाहियों ने मेले में आकर आमद नहीं करवायी है। सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी जायेगी।
इस संबंध में एसओ प्रभुकांत ने बताया कि पंचायत चुनाव और मेला ड्यूटी एक साथ लग जाने से थानों के कुछ सिपाही मेले में नहीं आए हैं। कुछ पुलिसकर्मियों की इस मेले के साथ ही गढ़मुक्तेश्वर और ककोड़ा आदि मेलों में ड्यूटी लगा दिए जाने से अनुपस्थिति रही है। मेले में कम फोर्स होने के बाद भी पूरी तरह शांति रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें