जैतीपुर में लगा जाम में फंसे ट्रक ।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
मीरानपुर कटरा/जैतीपुर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर मीरानपुर कटरा में गड्ढे भरने और सड़क की मरम्मत का काम कराए जाने के दौरान मंगलवार को जाम लग गया। जैतीपुर-तिलहर मार्ग पर लगे जाम में एक मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई।
नेशनल हाईवे पर मरम्मत कार्य के लिए पुलिस ने दिन में 11 बजे से कटरा चौराहे पर हुलासनगरा क्रॉसिंग होकर बरेली जाने वाले वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। इस दौरान बरेली जाने वाले छोटे वाहनों और रोडवेज बसों को कसरक होकर बरेली जाने का रास्ता दिया, जबकि अन्य भारी वाहन खैरपुर चौराहा से जैतीपुर होकर फतेहगंज पूर्वी की ओर भेजे गए। दोपहर करीब एक बजे बरेली की ओर से आने वाले वाहनों को फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने कसरक की ओर मोड़ा तो कसरक मेें जाम लग गया।
दरअसल जाम रूट डायवर्जन के चलते लगा। क्योंकि रूट डायवर्जन वाले जर्जर रास्तों पर जब वाहन इधर-उधर कट मार कर निकलने लगे तो समस्या बढ़ने लगी। पुलिस की भारी मशक्कत के बावजूद वाहनों को रेंगते हुए आगे का रास्ता मिल सका। जैतीपुर से दातागंज-फतेहगंज पूर्वी मार्ग पर डायवर्ट हुए वाहनों की संख्या बढ़ी तो इस रास्ते पर जाम लगना शुरू हो गया। रूट डायवर्जन के दौरान छोटे-बड़े सभी वाहन खेड़ा बझेड़ा, नवादा मोड़ और गौहापुर मार्ग पर निकाले गए। जैतीपुर-तिलहर मार्ग पर गड्ढों में पानी भरा होने से छोटे-बड़े वाहनों की घंटों लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को जाम के झाम का सामना करना पड़ा।
हादसे की वजह बन सकता है गड्ढा
ओवरलोड वाहन जर्जर हो चुके जैतीपुर-तिलहर मार्ग से निकलते हैं तो उसका और बुरा हाल हो जाता है। कस्बे में महेंद्र पाल सिंह शांति देवी इंटर कॉलेज के सामने गड्ढा जाम की समस्या पैदा करने के साथ कभी भी हादसे की वजह बन सकता है। इसी जाम में एक मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस भी देर तक फंसी रही। ट्रकों की दोहरी लाइनेें लग जाने से वाहनों को रेंगते हुए गुजरना पड़ा।