कैंट स्थित मैदान पर मैच के दौरान शॉट खेलता खिलाड़ी। संवाद
शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर खेले गए क्रिकेट मुकाबले में गुर्जर क्रिकेट अकादमी ने झंडा क्लब को 17 रनों से हरा दिया। गुर्जर अकादमी की जीत में अभय यादव और अनुज यादव की शानदार बल्लेबाजी के साथ अनुज प्रताप सिंह की गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुर्जर क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में पांच विकेट खोकर 258 रन बनाए। अभय यादव ने 71 और अनुज यादव ने 51 रनों की पारी खेली। कप्तान अनुज प्रताप ने 26 और दीपक राजपूत ने 23 रनों का योगदान दिया। झंडा क्लब की ओर से अनुराग और शुभम कपूर ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झंडा क्लब की टीम 10 विकेट खोकर 241 रन ही बना सकी। कप्तान रेहान खान ने 52, प्रतीक्ष दीक्षित ने 75 और इरफान रजा खान ने 34 रन बनाए। गुर्जर अकादमी की ओर से अनुज प्रताप सिंह ने चार और आयुष सक्सेना ने दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। अकादमी के कोच अभय सिंह गुर्जर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।