शाहजहांपुर। अगस्त में जिले में जीएसटी संग्रह में 56.60 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। इस दौरान 34 करोड़ 63 लाख रुपये जीएसटी संग्रह हुआ, जबकि पिछले वर्ष अगस्त में 22 करोड़ 11 लाख रुपये राजस्व प्राप्त हुआ था। जीएसटी संग्रह में जिला मंडल में पहले और प्रदेश में नौवें स्थान पर रहा।
वित्तीय वर्ष में अब तक जिले में 182 करोड़ 86 लाख रुपये जीएसटी संग्रह हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह 145.06 करोड़ रुपये था। इस तरह चालू वित्तीय वर्ष में अब तक जीएसटी संग्रह में 26.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
त्योहारों के चलते बाजार में खरीदारी बढ़ने का असर जीएसटी संग्रह पर भी पड़ा है। कार और ट्रैक्टर की बिक्री से प्राप्त राजस्व में 35 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई। खाद्य तेल, वुड टिंबर, कोयला और इलेक्ट्रॉनिक गुड्स की बिक्री में भी 30 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
राजस्व वृद्धि में रोजा थर्मल पावर प्लांट का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उत्पादित बिजली करमुक्त है, लेकिन अन्य प्रांतों से खरीदे गए कोयले की आईटीसी रिवर्स होने के कारण राज्य सरकार को राजस्व प्राप्त होता है। सरकारी विभागों में जमा कर में भी वृद्धि हुई है।
इनसे प्राप्त राजस्व में गिरावट
दो पहिया वाहन, सीमेंट, केमिकल और वर्क कांट्रैक्ट से प्राप्त कर में गिरावट आई है। राज्यकर विभाग के अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं, ताकि इसमें सुधार किया जा सके।
प्रदेश के साथ जनपद में जीएसटी संग्रह में 56 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष में भी अब तक 26 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। जनपद ने मंडल में पहला स्थान और प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया है।
- प्रवेश तोमर, नोडल अधिकारी उपायुक्त, राज्यकर