शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर 31 अगस्त की सुबह करीब दो बजे आठ माह की बच्ची प्रीति की पटककर हत्या किए जाने के मामले में जीआरपी पुलिस ने आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। जीआरपी ने सिंधौली थाने से भी संपर्क साधा है।
रेलवे स्टेशन पर रहने वाली वैशाली मुख्य गेट पर बेटी प्रीति के साथ डिवाइडर पर सो रही थी। तभी सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव आयुं निवासी अशोक उसकी बेटी को उठाकर भागा। लोगों के दौड़ाने पर उसने बच्ची को जमीन पर फेंक दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। लोगों ने अशोक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था। जीआरपी पुलिस ने आरोपी अशोक का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया। सिंधौली थाने से उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इंस्पेक्टर रेहान अली ने बताया कि आपराधिक रिकॉर्ड आने के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।