तिलहर। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके पिता की मृत्यु होने के कारण बहन की शादी थाना दातागंज क्षेत्र के गांव शंकरपुर में तय की थी। हैसियत के अनुसार दान-दहेज देने की बात पर रिश्ता तय हुआ था और रोक व तिलक कार्यक्रम भी हो चुके थे। शनिवार को बरात आना था। घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थीं। बताया कि शादी के कार्ड रिश्तेदारों और अन्य परिचितों में बांट दिए गए थे। इस बीच लड़के पक्ष ने अचानक शादी करने से मना कर दिया।
इससे परिवार के लोग गहरे सदमे में आ गए। शादी की सभी तैयारियां पूरी होने के बाद अचानक रिश्ता टूटने से परिजनों में मायूसी छा गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। इंस्पेक्टर जुगल किशोर पाल ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता कराई गई है। दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चल रहा है। संवाद