खुटार। वलीमा की दावत के दौरान घर से निकले बिजली के तार से करंट लगने से दूल्हे की मौत हो गई। हादसे से पल भर में खुशियां मातम में बदल गईं। चीख पुकार मची तो जिसने भी सुना वह पहुंच गया।
खुटार क्षेत्र के गांव कैहमारिया निवासी शराफत के बेटे मुबारक (25) का बृहस्पतिवार को पुवायां के ग्राम घनश्यामपुर निवासी अहयाद की पुत्री से निकाह हुआ था। अगले दिन शुक्रवार को मुबारक के घर दावत थी। दावत में दोनों पक्षों के लोग और रिश्तेदार शामिल थे। रात करीब नौ बजे मुबारक किसी काम से घर के अंदर रखी अलमारी से कुछ सामान निकालने गए। तभी उनका हाथ अलमारी के पास से निकले बिजली की कटी केबल से छू गया। इससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
हाथों की मेहंदी छूटने से पहले छोड़ा जीवनसाथी ने साथ
निकाह के बाद ससुराल जाते समय यासमीन ने काफी सपने संजोए थे। मगर पल भर में उसके सारे सपने टूट गए। जीवन भर साथ निभाने का वादा करके पति निकाह के अगले दिन ही हमेशा के लिए छोड़कर चला गया। कुछ देर तो उसे यकीन ही नहीं हुआ कि ऊपर वाला उसके साथ इतना बुरा कर सकता है। मगर हकीकत का पता चला तो बेहोश होकर गिर गई। इस दौरान मौके पर पहुंचे लोगों की आंखें भी नम हो गईं थीं।