पर्यावरण को समर्पित संस्था पृथ्वी ने शाहजहांपुर सिटीजन ग्रुप के सहयोग से जनपद की छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण गरई नदी को बचाने की अनूठी पहल की है। इसके लिए एक याचिका ऑनलाइन संस्था चेंज डॉट ओआरजी के माध्यम से प्रधानमंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आदि को भेजी है। प्रधानमंत्री को संबोधित याचिका में कहा गया है कि शहर में बहने वाली गर्रा नदी से गरई का उद्गम हुआ है। गर्रा की यह शाखा विकास खंड ददरौल, कांट, जमौर आदि क्षेत्र के गांवों में कृषि योग्य जमीन को सिंचित करने के साथ भूमिगत जल संरक्षण में सहायक की भूमिका निभाती रही, लेकिन आसपास के कुछ उद्योगों की असंवेदनहीनता के कारण गरई का पानी जहरीला हो चुका है। दोनों संस्थाओं से जुड़े डॉ. विकास खुराना ने बताया कि चेंज डॉट ओआरजी नेटवर्क से 177 देशोें के 16 करोड़ लोग जुड़े हैं। इसी मुहिम से जुड़े डॉ. विशाल पांडेय के अनुसार गरई को बचाने के लिए सोशल मीडिया पर भी कैंपेन शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि एसएस कालेज के रसायनविद् डॉ. आलोक सिंह के नेतृत्व में गरई से लिए गए पानी के नमूनों का परीक्षण कराया जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट से डीएम विजय किरन आनंद को भी अवगत कराया जाएगा।