खुटार (शाहजहांपुर)। गांवसभा लुकटहा के मजरा सिंहपुर में उल्टी-दस्त से पांच जुलाई को पोते और आठ जुलाई को दादी की मौत हो गई। गांव के लोगों ने दवा का वितरण कराने और साफ-सफाई कराने की मांग की है।
गांव सिंहपुर के रजनीश का चार वर्षीय पुत्र बीमार चल रहा था। पांच जुलाई को दस्त आने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद रजनीश की 62 वर्षीय मां शांति देवी बीमार पड़ गईं। उनको उल्टी, दस्त की शिकायत होने पर इलाज कराया गया लेकिन लाभ नहीं हुआ। आठ जुलाई को उनकी भी मौत हो गई।
लुकटहा की प्रधान नेहा सिंह के पति शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रजनीश के पुत्र और उनकी मां की उल्टी-दस्त से मौत हुई है। प्रधान ने बताया कि उन्होंने और गांव के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव आकर लोगों की जांच करने और बीमार लोगों को दवा वितरण कराने की मांग की है। सीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। बृहस्पतिवार को गांव में कैंप लगाया जाएगा।