तिलहर-निगोही रोड पर गांव गढ़ा के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में बाइक सवार दादी-पोता की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा बेटा घायल हो गया। घायल को निगोही सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है। थाना तिलहर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रानीखिरिया के मजरा पिपरा निवासी रामपाल गंगवार का बेटे अनुज गंगवार के एक माह के बेटे छोटू की सोमवार रात तबीयत खराब हो गई। मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे अनुज अपनी मां 45 वर्षीय राजेश्वरी देवी के साथ बेटे को दवाई दिलाने के बाइक से बरेली के लिए निकले थे। गांव से डड़िया बाजार होते हुए जैसे ही तिलहर-निगोही मार्ग पर अनुज की बाइक गांव गढ़ा के पास पहुंची ही थी, तभी निगोही की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से अनुज की बाइक घसिटती हुई काफी दूर जा गिरी। राजेश्वरी और उनकी गोद में एक माह के छोटू के ऊपर से ट्रैक्टर-ट्राली का पहिया उतर गया। राजेश्वरी और छोटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक मौके पर ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घायल अनुज को निगोही सीएचसी में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति रामपाल की तहरीर पर पुलिस ने निगोही थाना क्षेत्र के गांव हमजापुर निवासी ट्रैक्टर चालक गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।