सिंधौली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह रोडरोलर की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला और उनके चार वर्षीय पोते की मौत हो गई। वे बाइक से रिश्तेदारी जा रहे थे, तभी शेखूपुर गांव के पास रोडरोलर ने टक्कर मार दी। बाइक चला रहे युवक को मामूली चोटें आईं।
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव निवासी ओमप्रकाश की 60 वर्षीय पत्नी गुड्डी देवी व उनके चार वर्षीय पोते अभय उर्फ अभि की रविवार सुबह सिंधौली थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव पास रोडरोलर से कुचलकर मौत हो गई। बाइक चला रहे अभय के दादा ओमप्रकाश को मामूली चोट आई है।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार, ओमप्रकाश रविवार सुबह बाइक से अपनी पत्नी गुड्डी देवी व पौते अभि के साथ रिश्तेदारी में लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। वह सिंधौली थाना क्षेत्र में शेखूपुर गांव स्थित पंचायत घर के सामने पहुंचे। इसी दौरान चेना रुरिया की ओर से आ रहे रोडलर की टक्कर लगने से बाइक गिर गई। रोडरोलर की चपेट में आकर गुड्डी देवी व उनके पौते की कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ को आता देख चालक मौके से भाग गया।
शव देखकर बिलख पड़े परिजन
पुलिस ने ग्रामीणों के साथ रोडरोलर को धक्का देकर साइड में किया। इस बीच पहुंचे परिजन दोनों शवों को देख बिलख पड़े। साथ में आए लोगों ने मृतकों के परिजनों को किसी तरह संभाला। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में दादी-पौते की मौत हुई है। बाइक चला रहे ओमप्रकाश को मामूली चोट आई है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। रोड रोलर कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
आंखों के सामने चली गई पत्नी और पोते की जान
आंखों के सामने पत्नी और पौते की मौत से ओमप्रकाश गुमसुम हैं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला और सांत्वना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों की शवों को देख आंख नम हो गई। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे लोगों के कदम थम गए और शवों को देख उनकी आंख नम हो गई।