शहरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रही बिजली कटौती के साथ लाइन फाल्ट से भीषण गर्मी और उमस भरा दिन बिताना लोगों को भारी पड़ रहा है। ओवरलोडिंग से फीडरों पर ट्रिपिंग की समस्या बढ़ने से बिजली आपूर्ति निर्धारित घंटों से ही कम मिल रही है। सोमवार की रात 12 बजे के बजाय साढ़े दस बजे से बिजली कटौती शुरू हो गई। इससे पहले गोविंदगंज सब स्टेशन के टाउनहाल फीडर, बहादुरगंज के बहादुरपुरा और हथौड़ा के फीडरों पर बिजली का लोड बढ़ जाने से ट्रिपिंग शुरू हो गई। देर रात साढ़े 12 बजे सप्लाई शुरू होने के बाद भी सुबह तक बार-बार बिजली जाती रही। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे ओवरलोडिंग ने गोविंदगंज सब स्टेशन को फिर चपेट में ले लिया।
बिजली सप्लाई के दौरान अचानक गोविंदगंज की 11 केवी लाइन के हीटअप होने से उसका फ्यूज जल गया। यह खराबी दिन में 11 बजे दूर हो पाई, लेकिन तब तक आपात कटौती लागू हो गई। इस वजह से गोविंदगंज मार्केट, रूफस चरन लेन, सिविल लाइंस साउथ, टाउनहाल ओवरब्रिज के आसपास आदि क्षेत्रों में करीब छह घंटे तक लोग बिजली संकट से जूझे।
आज निगोही रोड से आठ घंटे बंद रहेगी सप्लाई
निगोही रोड पर गदियाना के पास स्थित 33 केवी सब स्टेशन को ओवरलोडिंग से बचाने के लिए वहां के यार्ड में बुधवार को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ट्रांसफार्मर बदलकर उसकी क्षमता बढ़ाने का काम किया जाएगा। सब स्टेशन प्रभारी अवर अभियंता अलंकृत मिश्रा ने बताया कि निगोही रोड पर पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। जबकि वहां 13 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मरों की जरूरत है। इसे देखते हुए वहां से पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर हटाकर आठ एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इस कारण आठ घंटे तक निसरजई, जलालनगर, दिलाजाक, गदियाना, पंचपीर, चिनौर, ऐमनजई जलालनगर आदि क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। जेई मिश्रा ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से जनहित के इस कार्य के दौरान सहयोग बनाए रखने का अनुरोध किया है।