बसपा विधायक नीरज कुशवाहा मौर्य ने विधानसभा के मौजूदा सत्र में प्रदेश सरकार के समक्ष शाहजहांपुर-बदायूं स्टेट हाईवे की मरम्मत कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसी मौके पर उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र जलालाबाद में कटरी क्षेत्र की जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए परती भूमि विकास योजना लागू करने का आग्रह किया।
उन्होंने बीते बृहस्पतिवार को विधानसभा में दिए भाषण में लोक निर्माण विभाग के मंत्री का ध्यानाकर्षण करते हुए कहा कि शाहजहांपुर से बदायूं को जोड़ने वाला स्टेट हाईवे 43 की स्थिति बेहद खराब हो गई है। कहीं-कहीं पर इतने बड़े गड्ढे हो गए हैं कि रोड के किनारे से निकलना पड़ता है। जलालाबाद से मिर्जापुर और कलान होकर बदायूं तक जाने वाले स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने की योजना है, लेकिन जब तक इस प्लानिंग पर काम शुरू नहीं होता, तब तक रास्ते को मरम्मत करके यातायात के योग्य बना दिया जाए।
विधायक मौर्य ने मिर्जापुर और कलान ब्लॉक में कटरी क्षेत्र की ऊसर-बंजर और रेतीली जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए परती भूमि विकास योजना को प्रभावी तरीके से लागू कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर और कलान ब्लाक के बीच सड़क के दोनों ओर हजारों एकड़ जमीन बंजर पड़ी है। इस जमीन पर किसान मेहनत करने पर भी भरपूर पैदावार नहीं ले पाते। विधायक ने इसी मौके पर हर साल बाढ़ से घिरने वाले जलालाबाद क्षेत्र में कई गांवों का अस्तित्व मिटने का हवाला देते हुए बाढ़ प्रबंधन योजना को भी कारगर तरीके से लागू किए जाने की मांग की।