बिना लाइसेंस चलता मिला स्टोर, रिपोर्ट दर्ज
डीआई उर्मिला वर्मा ने बृहस्पतिवार को गांव नवाबपुर गंगा में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। स्टोर स्वामी लाइसेंस से संबंधित कोई पत्रावली नहीं दिखा सका। इसके बाद डीआई ने मेडिकल स्टोर में रखी सभी दवाएं भरवा लीं और थाने ले आईं। मेडिकल स्टोर स्वामी को भी थाने ले जाया गया। दवाओं की सूची बनाकर सील कर दिया गया और मेडिकल स्टोर स्वामी को पुलिस हिरासत में दे दिया गया। डीआई ने बताया कि एक शिकायत पर गांव नवाबपुर गंगा में बालाजी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। स्टारे स्वामी गांव नवाबपुर गंगा निवासी विवेक शुक्ला मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नहीं दिखा सका। उक्त नाम से नवाबपुर में किसी मेडिकल स्टोर का लाइसेंस भी नहीं जारी हुआ है। इसके बाद मेडिकल स्टोर में रखी 55 प्रकार की दवाओं को भरवाकर मेडिकल स्टोर स्वामी सहित थाने लाया गया और दवा विक्रेता को पुलिस को सौंप दिया गया। दवाओं की सूची बनाए जाने के बाद डीआई की ओर से विवेक शुक्ला के खिलाफ 18/27 औषधि अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवालील प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट के आधार पर दवा विक्रेता को जेल भेजा जाएगा। डीआई के छापे की जानकारी मिलते ही कोरोकुइयां, रामपुर कलां, गंगसरा, मझिगवां में दवा की तमाम दुकानें बंद हो गईं। देर शाम तक डीआई के पुवायां में रहने के कारण मेडिकल स्टोर नहीं खुल सके। इससे दवा लेने वालों को इधर उधर भटकना पड़ा।