12 सौ दिव्यांगों ने कराया पंजीकरण
हेल्पलाइन सोसाइटी की ओर से बृहस्पतिवार को ब्लाक परिसर में दिव्यांगों के सहायतार्थ आयोजित किए गए शिविर की शुरूआत डीएम पुष्पा सिंह ने गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। शिविर में जलालाबाद के अलावा कलान तथा मिर्जापुर ब्लाक से बड़ी तादाद में दिव्यांगजन पहुंचे। इस मौके पर डीएम ने कहा कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना सबसे बड़ी सेवा तथा पुण्य काम है। इस दौरान उन्होंने शिविर स्थल का भ्रमण कर वहां मौजूद लोगों का हालचाल जाना और इस कार्य में सभी से सहयोग करने की अपील की। शिविर में करीब 1200 दिव्यांगों का पंजीकरण किया गया। 280 लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। रजिस्ट्रेशन के बाद लखनऊ और कानपुर से आई चिकित्सकों की टीमों ने दिव्यांगों का परीक्षण किया। श्रवण बाधित दिव्यांगों की जांच अत्याधुनिक मशीन आडियोमीटर से की गई। आयोजक संस्था हेल्पलाइन के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि अगले शिविर में सभी को जरूरत के मुताबिक निशुल्क उपकरण मुहैया कराए जाएंगे। इसके लिए रजिस्टर्ड सभी दिव्यांगों को मोबाइल या अन्य माध्यमों से सूचना दे दी जाएगी। शिविर के दौरान सोसाइटी के अशोक अग्रवाल, विधायक नीरज कुशवाहा, अनुज गुप्ता, अरुण खंडेलवाल, विनोद अग्रवाल, रवि गोयल, विकास अग्रवाल तथा अमित अग्रवाल में रहे।