तीन घंटे सर्दी में कंपकंपाते रहे ग्रामीण, थाना पुलिस को नहीं मिली फुर्सत
खिरिया उत्तरी के लोगों के हमले के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने थाने जाने की बात कही तो उन्हें रोक लिया। सिपाहियों ने कहा कि वह इंस्पेक्टर को यहीं बुला ले रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सिपाहियों की बात मानकर गांव की महिलाएं, पुरुष और बच्चे सर्दी में सड़क पर इंतजार करते रहे। निगोही थाना प्रभारी को आने की फुर्सत नहीं मिली। सुबह थाने पर आने पर भी पुलिस ने उनकी फरियाद सुनने के बजाय टरका दिया।
पुलिस कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात
सोमवार को अर्जुनपुर के ग्रामीण भारतीय किसान मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह, रामकुमार गौतम व अनिल वर्मा के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचे। उनके आने से पहले ही पुलिस कार्यालय में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। इंस्पेक्टर सदर, चौक कोतवाली और महिला थाना प्रभारी आ गई। यातायात पुलिस भी रूट डायवर्जन कराने की तैयारी में लग गई। सदर इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने ग्रामीणों से वार्ता कर सात लोगों के शिष्टमंडल की एसपी राजेश एस. से मुलाकात कराई। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि जानवरों को लेकर विवाद होने पर सूचना आने पर पीआरवी मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित पक्ष ने इंस्पेक्टर से मुलाकात नहीं की। वे सीधे यहां चले आए। तहरीर के आधार पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।