शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोदीपुर में भारतीय जीवन बीमा निगम के सहायक प्रबंधक के बंद घर से चोर लाखों रुपये का माल चोरी कर ले गए। सीओ सदर अरविंद कुमार ने मुआयना किया है।
चार खंभा स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम के उप शाखा प्रबंधक उपकार शील पाल की मां शिवपति पाल काफी बीमार हैं। वह राजकीय मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती हैं। उपकारशील, उनकी पत्नी पुनीत कुमारी व छोटा भाई ओमेंद्र पाल अस्पताल में रुके थे। उनका बेटा ईशान पड़ोस में स्थित चाचा विवेकशील पाल के मकान में सोने चला गया। रात में चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़ दिया। मुख्य गेट से अंदर प्रवेश करने के बाद चोर ने अंदर के दरवाजों के लॉक तोड़ दिए। चोरों ने लॉकर को तोड़कर नकदी व जेवर उड़ा दिया। घर का कीमती सामान भी ले गए। विवेकशील पाल ने बताया कि चोर 50 हजार रुपये नकद समेत करीब 20 लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए हैं।
दीवार कूदकर की थी घर में घुसने की कोशिश
चोरों ने दीवार के सहारे मकान के अंदर घुसने की कोशिश की थी। बताते हैं कि दीवार पर पैरों के निशान मिले हैं, साथ ही प्लॉस्टर भी टूटा पड़ा मिला है। दीवार के जरिये अंदर नहीं पहुंच पाने के बाद मेन गेट का ताला तोड़ दिया। अंदर कमरे में लॉक लगा होने के कारण जाली काटकर अंदर प्रवेश किया।
लैपटॉप, एलसीडी छोड़ गए चोर
उपकारशील पाल के घर में घुसे चोरों ने अलग-अलग कमरों में आराम से तलाशी ली। दो कमरों की अलमारी, दीवान बेड, बक्सा आदि खंगाल लिया। लैपटॉप और एलसीडी चोर नहीं ले गए।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कुछ साक्ष्य भी मिले हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अरविंद कुमार, सीओ सदर