तिलहर। कल्याणपुर बंथरा गांव में सोमवार को देर रात करीब 12 बजे महिपाल सिंह की पौत्री के शादी समारोह के दौरान अचानक उनके घर के बाहर पड़ी झोंपड़ी में संदिग्ध हालात में आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची दमकल यूनिट ने गांव वालों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक विवाह के लिए खरीदा गया लाखों का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। महिपाल ने गांव के ही कुछ लोगों पर रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
महिपाल ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उनकी पौत्री का विवाह था। शादी समारोह के दौरान रात करीब 12 बजे गांव के ही चार लोगों ने रंजिशन उनकी झोंपड़ी में आग लगा दी और भाग गए। आग में विवाह समारोह के लिए खरीदा गया दो बोरी आटा, दो बोरी चीनी, मिठाई बनवाने की 60 किलो सामग्री समेत निर्माणाधीन मकान के लिए मंगाई गईं 440 बल्लियां और 50 फंटियां जल गईं। पानी की मोटर, नई साइकिल और अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
महिपाल का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से उनकी रंजिश है और उन्हीं लोगों ने उन्हें परिवार सहित जान से मारने की नीयत से घर में आग लगा दी। सीओ इशिका सिंह के अनुसार तहरीर के आधार पर आग लगाने के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।