शहर के रामनगर कॉलोनी में स्थित फर्म पर कार्रवाई के दौरान मौजूद एसआईबी टीम। स्रोत : टीम
शाहजहांपुर। रामनगर कॉलोनी स्थित लखनपाल ट्रेडिंग कंपनी के व्यापार स्थल पर शुक्रवार को राज्यकर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) बरेली की टीम ने छापा मारा। पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर की गई कार्रवाई में फर्म के कारोबार में अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने कुछ संदिग्ध अभिलेखों और बिना बिल के मिले माल को सीज कर दिया।
डिप्टी कमिश्नर एसआईबी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि फर्म इलेक्ट्रिकल गुड्स की खरीद-बिक्री करती है। व्यापारी की अधिकांश बिक्री दिल्ली में पंजीकृत अपने ही परिवार की दूसरी फर्म सर्वश्रेष्ठ लखनपाल ट्रेडिंग कंपनी को दिखाई गई थी। जांच में यह भी पाया गया कि सामान्यत: इलेक्ट्रिकल सामान दिल्ली से शाहजहांपुर आता है, जबकि संबंधित फर्म के रिकॉर्ड में इसके विपरीत शाहजहांपुर से दिल्ली माल भेजे जाने का विवरण दर्ज था।
इस पर अधिकारियों ने संबंधित वाहनों के टोल रिकॉर्ड की जांच की। जांच में पाया गया कि जिन वाहनों से माल दिल्ली भेजे जाने का दावा किया गया था, उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले टोल प्लाजा को पार नहीं किया था। इससे आशंका जताई गई कि शाहजहांपुर में वास्तविक रूप से बीटूसी (उपभोक्ताओं को सीधे बिक्री) की जा रही थी, जबकि दिल्ली स्थित फर्म के नाम पर आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का लाभ लेने के लिए बोगस बिल जारी किए जा रहे थे।
अनिरुद्ध सिंह के साथ असिस्टेंट कमिश्नर राहुल और राज्यकर अधिकारी प्रदीप व ताराचंद की टीम ने प्रतिष्ठान पर सर्वेक्षण की कार्रवाई की। अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि जांच अभी जारी है। फर्म ने कितने रुपये की कर चोरी की है, इसका आकलन जांच पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा।