खुटार। गांव कुर्रेया खानपुर में बृहस्पतिवार को दो घरों में आग लगने से सामान जल गया। आग बुझाने के प्रयास में एक युवती झुलस गई। छप्पर जलने से दोनों घरों के परिवार आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
गांव निवासी पीड़िता फूलवती ने बताया कि उनके पति रामस्वरूप दिल्ली में काम करने गए हैं। वह अपनी 18 वर्षीय बेटी रागिनी के साथ घर पर रहती हैं। वह पड़ोसी शक्ति कपूर के घर टीवी देख रही थीं। घर पर पुत्री रागिनी मौजूद थी। इस दौरान अचानक उनके घर के छप्पर में आग लग गई। पुत्री ने शोर मचाया तो आसपास के कई लोग मौके पर पहुंचे और पेड़ की टहनियां और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझ सकी। आग ने पड़ोसी शक्ति के घर के छप्पर को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत करके आग पर काबू पाया।
आग से फूलवती के घर में रखी 12 हजार रुपये की नकदी, सोने के कुंडल, जरूरी दस्तावेज, अनाज, चारपाई सहित करीब 50 हजार रुपये और शक्ति कपूर के घर में रखी पांच हजार की नकदी, जेवरात जलने से लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हो गया। आग बुझाने के दौरान रागिनी मामूली रूप से झुलस गई। घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल केशव मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर जांच की और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर जल्द ही मदद दिलाने का भरोसा दिया है।