शाहजहांपुर। गोला डिपो की बस के परिचालक अनुराग पांडेय का शुक्रवार रात कुछ युवकों से विवाद हो गया। सीट को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। युवकों ने परिचालक को पीट दिया। थाने में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कानपुर से गोला डिपो की बस चली थी। बताते हैं कि रास्ते से शाहजहांपुर के कुछ युवक बस में सवार हो गए। गोला निवासी परिचालक अनुराग पांडेय टिकट बनाने उठा तो उसकी सीट पर युवक बैठ गया। उसी की बगल में रास्ते से चढ़ा रोडवेज का एक कर्मचारी भी बैठ गया। परिचालक अपनी सीट पर आया तो उसने युवक से हटने को कहा। इस पर युवक ने उसी सीट पर बैठे रोडवेज के कर्मचारी को हटाने के लिए कह दिया। परिचालक ने स्टाफ का हवाला देते हुए उसे हटाने से इन्कार कर दिया। इस पर युवक ने आईकार्ड मांगा। कहा कि वह कैसे मानें कि यह रोडवेज के कर्मचारी है। इसी बात को लेकर गालीगलौज शुरू हो गई।
शाहजहांपुर बस आने पर स्टाफ का कर्मचारी उतर गया लेकिन परिचालक को करीब आधा दर्जन युवकों ने रोडवेज बस अड्डे पर पीट दिया। मारपीट की खबर पर सदर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र गुप्ता ने पुलिस को तुरंत रोडवेज बस अड्डे पर भेजा। पुलिस सभी को थाने ले आई, बताते हैं कि बाद में दोनों पक्ष में समझौता हो गया। सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि रात में हुए विवाद में दोनों पक्षों में किसी ने तहरीर नहीं दी है।