शाहजहांपुर के तिरहर में स्कूल के गेट पर छेड़छाड़ की कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस नहीं चेती, जिसका खामियाजा छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को एक शोहदा छात्राओं का काफी दूर तक पीछा करता चला गया और पर्चा फेंका। घबराई छात्राओं ने परिजनों को बताया तो वे पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने शोहदों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला।
तिलहर थाना क्षेत्र के गांव से नगर के आरबीएम इंटर कॉलेज में पढ़ने जाने वाली पांच-छह छात्राओं ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर देकर बताया कि एक सप्ताह से गुरगवां कॉलोनी का एक लड़का उनका पीछा करता है। रास्ते में छींटाकशी करता है। आरोप है कि सोमवार को वह लड़का उन लोगों का फिर पीछा करने लगा। उन पर एक पर्चा फेंका। जब छात्राओं के परिजनों को इसका पता चला तो वे लड़के के घर पहुंचे।
शिकायत पर आरोपी के घरवालों ने कह दिया कि उनका बेटा उनके वश में नहीं है। सूचना पर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर संतोष श्रीवास्तव ने आरोपी के घर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने छात्राओं और उनके परिजनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाकर वापस कर दिया। कुछ समय पहले स्कूल के प्रबंधक लाल प्रभात चंद्र और प्रधानाचार्य रत्नेश जायसवाल ने थाने में पत्र देकर स्कूल गेट पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। पुलिस ने कुछ समय तक तो निगरानी की मगर बाद में सुस्त पड़ने से शोहदों के हौसले बुलंद हो गए।