सिंधौली। गांव चंदपई में कालिंदी (18) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव दुपट्टे के सहारे लटका मिला। कालिंदी की मां ने रंजिश के चलते कुछ लोगाें पर हत्या का आरोप लगाया है।
स्व.जयपाल की बेटी कालिंदी का भाई हरिओम दिल्ली में नौकरी करता है। बड़ी दो बहनों की शादी हो चुकी है। वह अपनी मां पच्चो देवी के साथ गांव में रहती है। मंगलवार को नाती के करंट लगने की सूचना पर पच्चो बड़ी बेटी के घर पुवायां गईं थीं। कालिंदी घर में अकेली थी। सुबह मां के लौटने पर उन्हें बेटी कालिंदी का शव दुपट्टे के सहारे लटका मिला। शव देखकर उनकी चीख निकल गई। सूचना पर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पच्चो देवी ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनका पूर्व में विवाद हो गया था। आरोप है कि उन्हीं लोगों ने बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।