शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में आग से झुलसी युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके पिता ने बताया कि गैस लीक होने से हादसा हुआ था। आग बुझाने के दौरान उनके भी दोनों हाथ झुलस गए।
शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में चाय बनाते समय रसोई गैस लीक होने से जलकर गंभीर रूप से झुलसी रेखा (18 वर्ष) की इलाज के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। बेटी को बचाने के प्रयास में पिता राधेश्याम के दोनों हाथ बुरी तरह से जल गए। उन्होंने भी उपचार कराया।
विज्ञापन
गांव लक्ष्मीपुर निवासी राधेश्याम कुशवाहा ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी रेखा थी, जो उनके साथ मेहनत-मजदूरी कर परिवार की गुजर-बसर करने में मदद करती थी। राधेश्याम राजस्थान में ईंट भट्ठे पर ईंट की पथाई करके मई में घर लौटे थे। मई से ही रेखा मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गई। राधेश्याम के अनुसार कई जगह इलाज कराने के बाद भी रेखा पूरी तरह से ठीक नहीं हुई।
पिता ने बुझाई आग
सोमवार को राधेश्याम घर की दीवार पर ईंटें लगा रहे थे। रेखा ईंटें पकड़ा रही थी। बाद में रेखा काम छोड़कर चाय बनाने चली गई। चाय बनाते समय रसोई गैस लीक होने से रेखा गंभीर रूप से झुलस गई। रेखा के चीखने की आवाज सुनकर पिता ने किसी तरह आग बुझाकर उसे खुटार सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद रेखा को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। रात में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पुलिस ने रेखा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। रेखा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।