शाहजहांपुर। सदर कोतवाली पुलिस को मंगलवार शाम एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई। हरियाणा के रोहतक स्थित तनिष्क शोरूम से करीब डेढ़ करोड़ से अधिक के जेवर लेकर भाग रही युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवती के पास करीब एक करोड़ के डायमंड और सोने के जेवर बरामद हुए हैं। सूचना मिलने पर पहुंची रोहतक पुलिस भी पहुंच गई है।
सदर कोतवाली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी एस. आनंद ने बताया कि मंगलवार को इंस्पेक्टर किरन पाल सिंह को एक महिला के चोरी के जेवर लेकर बेचने के लिए कार में जाने की सूचना मिली। उनके बताने पर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट कर चेकिंग के निर्देश दिए। सदर बाजार और तिलहर थाना पुलिस की टीम बनाकर डाट का पुल पर चेकिंग शुरू करा दी गई। अपराह्न करीब तीन बजे उधर से कार में गुजर रही युवती को रोक लिया। पूछने पर युवती ने अपना सोनिया शर्मा पुत्री मुकेश शर्मा निवासी न्यू विजय नगर थाना शिवाजी कॉलोनी रोहतक (हरियाणा) बताया। मूल निवास महमदपुर रोड गोहाना सोनीपत बताया। तलाशी लेने पर गाड़ी में डायमंड की सात अंगूठियों समेत एक करोड़ से अधिक के जेवर बरामद हो गए। बाकी जेवरों की बरामदगी के लिए पूछताछ चल रही है। एसपी एस. आनंद ने बताया कि थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी सोनिया ने बताया कि वह रोहतक स्थित तनिष्क शोरूम पर काम करती है। तीन जुलाई को वह जेवर चुराकर किराए के कार से सोमवार को वहां से भागी थी। कार ड्राइवर चला रहा था। बरामद हुए जेवर शोरूम से चोरी करके लाए गए थे, जिन्हें शाहजहांपुर में बेचने की फिराक में थी। इस बीच सूचना मिलने पर रोहतक पुलिस यहां पहुंच गई। मामले में रिपोर्ट दर्ज की ली गई है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी सिटी संजय कुमार, एसपी देहात अपर्णा गौतम, सीओ सिटी प्रवीन कुमार भी मौजूद रहे।