जीआईसी छात्रावास के कुछ कमरों में वार्डन ने ताले डालकर वहां रहने वाले छात्रों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। इससे गुस्साए छात्रों ने मंगलवार को राष्ट्रीय छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया।
छात्रों ने सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश द्विवेदी को बताया कि जीआईसी के छात्रावास में रहने वाले गरीब तबके के छात्रों को बिना कोई कारण बताए हॉस्टल से निकाल दिया गया है, जबकि छात्र निर्धारित शुल्क भी जमा कर चुके हैं। वार्डन ने तमाम छात्रों से 800-800 रुपये वार्षिक शुल्क भी जमा करा लिया है। प्रधानाचार्य से मामले की शिकायत करने पर उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की।
ज्ञापन में छात्रावास के कमरों के ताले खुलवाकर छात्रों को प्रवेश दिलाने, छात्रावास की व्यवस्था सुधारने को वार्डन और प्रधानाचार्य का तबादला करने, कोचिंग प्रथा पर रोक के लिए कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था बेहतर बनाने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है। प्रदर्शन में छात्र संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्र, जनमेजय महातिया, अभय प्रताप, सर्वेश शुक्ला, सलमान खान, कुलदीप कुमार, शिवसरन आदि शामिल रहे।