शाहजहांपुर। 69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का ओसीएफ के स्वर्ण जयंती स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज व बालिका वर्ग में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की टीम ओवरऑल चैंपियन रही। विजेताओं को नगर आयुक्त डॉ.बिपिन मिश्रा ने शील्ड देकर सम्मानित किया।
दिन में करीब डेढ़ बजे समापन समारोह में मुख्य अतिथि को स्कूलों की टीमों ने मार्चपास्ट कर सलामी दी। सबसे आगे स्कूल का बैंड था, उनके पीछे विद्यार्थी कदमताल करते हुए चल रहे थे। इसके बाद गुरुनानक पाठशाला कन्या हाईस्कूल, नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, क्रिश्चियन गर्ल्स हाईस्कूल व श्याम लाल अंगनेलाल कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि ने बालक वर्ग में जीआईसी शाहजहांपुर व बालिका वर्ग में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज के ओवरऑल चैंपियन रहने पर शील्ड देकर सम्मानित किया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज व जीआईसी विजेता बना। विद्यालयीय चैंपियनशिप में राजकीय इंटर कॉलेज शाहजहांपुर व आदर्श बाल विद्या इंटर कॉलेज, मीरापुर कटरा को शील्ड प्रदान की गई।
प्वाइंट में प्रथम स्थान पाने वाले देवी प्रसाद इंटर कॉलेज की टीम भी सम्मानित की गई। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने आभार जताया। इस मौके पर आयोजक अनिल कुमार, सचिव कैप्टन रामकुमार, संयोजक अमीर सिंह, सह संयोजक जेपी मौर्य, राखी मिश्रा, मोहम्मद अयूब, संजय कुमार मौर्य का सहयोग रहा।
बच्चे व शिक्षक तेज धूप में हुए परेशान, अव्यवस्था रही हावी
आयोजन समिति के सचिव कैप्टन रामकुमार ने दोपहर 12 बजे कार्यक्रम के समापन का समय दिया था, लेकिन मुख्य अतिथि करीब डेढ़ बजे पहुंचे। ऐसे में करवाचौथ के मौके पर व्रत रखकर पहुंची शिक्षिकाएं परेशान हो गईं। तेज धूप से बचाव के लिए पंडाल में मात्र दो ही शामियाने लगाए गए थे। वे भी नाकाफी रहे। व्रत में आईं शिक्षिकाएं छांव तलाशती रहीं। खुद कूलर की ठंडी हवा में बैठे अतिथि व आयोजकों ने कार्यक्रम को विस्तार दे दिया। इसके चलते करीब 20 स्कूलों के बच्चे धूप में परेशान रहे। धूप से बचने के लिए सिर को ट्रैक सूट से छिपाते नजर आए। इसी तरह पुरस्कार वितरण के दौरान सूची भी आधी-अधूरी तरीके से थमा दी गई। इसके चलते संचालक भ्रमित होते रहे।
...जब नगर आयुक्त ने फेंकना शुरू किया गोला
समारोह में आए मुख्य अतिथि नगर आयुक्त डॉ.बिपिन मिश्रा को खिलाड़ियों को देखकर अपना छात्र जीवन याद आ गया। उन्होंने संबोधन के दौरान खुद के एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शामिल होने का जिक्र किया। इस बीच उनके लिए गोला मंगाया गया। पुरस्कार वितरण के बाद नगर आयुक्त ने जूते उतारे और गोले को आसमान की तरफ कई बार उछालने के बाद दो बार फेंका। साथ में खड़े अधिकारियों व शिक्षकों ने तालियां बजाकर सराहना की।
शाहजहांपुर में जनपदीय खेलकूद में आर्य कन्या पाठशाला को ओवरऑल चैंपियन की शील्ड देते अतिथि। सं
शाहजहांपुर में जनपदीय खेलकूद में आर्य कन्या पाठशाला को ओवरऑल चैंपियन की शील्ड देते अतिथि। सं
शाहजहांपुर में जनपदीय खेलकूद में आर्य कन्या पाठशाला को ओवरऑल चैंपियन की शील्ड देते अतिथि। सं
शाहजहांपुर में जनपदीय खेलकूद में आर्य कन्या पाठशाला को ओवरऑल चैंपियन की शील्ड देते अतिथि। सं