शाहजहांपुर। शारदीय नवरात्र की सोमवार को शुरुआत हो गई। घरों और मंदिरों में भक्तों ने घट स्थापना के साथ नौ दिनों के उपवास शुरू कर दिए। पहले दिन देवी के शैलपुत्री स्वरूप की आराधना की गई।
शहर के खिरनीबाग स्थित कालीबाड़ी मंदिर, टाउनहाल में नवदुर्गा मंदिर, चौक में फूलमती मंदिर, मंडी स्थित दुर्गा माता मंदिर के साथ ही बाबा विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर समेत सभी मंदिरों में घट स्थापना की गई। चौक मंडी के दुर्गा माता मंदिर में पुजारी अरुण कुमार शुक्ला ने विशेष पूजा कर घट स्थापना की। दूसरे मंदिरों में विधिविधान से पूजन किया गया। सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। घरों में घट स्थापना की गई और भक्तों ने मिट्टी के सकोरे में जौ बोये। फूलमती मंदिर पर मेले जैसा माहौल रहा।
बाजारों में फलों व मेवा की खूब खरीदारी
पहले दिन बाजार में फलों व मेवा की खूब खरीदारी हुई। फल तथा मेवा का भोग देवी मां को लगाया गया। अधिकांश लोग नौ दिनों तक फलाहार ही लेंगे, इसलिए फलों पर महंगाई देखी गई। कुट्टू का आटा की भी बाजार में काफी मांग रही। दुकानदारों ने बताया कि फलों व मेवा पर कुछ महंगाई है लेकिन इसका बिक्री पर कोई असर नहीं दिखा।
मंदिरों तक जाने वाले मार्गों पर किया चूना छिड़काव
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर सभी सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों ने अपने जोन में बने मंदिरों तथा आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष सफाई अभियान के साथ चूना छिड़काव व नाले-नालियों में एंटी लार्वा छिड़काव कार्य कराया।