शाहजहांपुर। नगर निगम सहित जिले के अन्य नगर निकायों के इस बार होने वाले चुनाव में पिछले चुनाव की तुलना में 61 हजार से अधिक मतदाता बढ़ने का अनुुमान है। तब रोजा समेत दस नगर निकायों में चुनाव हुए थे। रोजा नगर पंचायत नवगठित नगर निगम में समाहित हो चुकी है। साथ ही निगोही, बंडा और कलान में नई नगर पंचायतें सृजित हुई हैं। जिले में नगर निगम समेत कुल 12 निकायों के लिए मतदान होगा।
दरअसल, निकायों के स्तर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान तीन दिन पहले शुरू हुआ है। पहले चरण में केवल उन्हीं नगर निकायों में काम शुरू हो सका, जिनका क्षेत्रफल यथावत है और उनकी सीमा में कोई विस्तार नहीं किया गया है। सीमा विस्तार के कारण दो वार्ड बढ़ने से अल्हागंज नगर पंचायत समेत नवसृजित अन्य तीनों नगर पंचायतों और नगर निगम क्षेत्र में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूचियां तैयार होंगी। हालांकि जहां पुनरीक्षण कार्य शुरू हो चुका है, वहां से भी निर्वाचन संबंधी विवरण पंचस्थानीय चुनाव कार्यालय को नहीं मिल सका है। इसीलिए अधिकारी अनुमान के आधार पर निकाय वार मतदान केंद्रों, मतदेय स्थलों आदि का निर्धारण करने में जुटे हैं।
2.69 लाख मतदाता चुनेंगे पहला मेयर
नगर निगम चुनाव में 2.69 लाख से अधिक मतदाता शहर का पहला मेयर चुनेंगे। वर्ष 2017 में हुए चुनाव में नगरपालिका परिषद के 44 वार्डों से 2.46 लाख मतदाता समायोजित हुए थे। नगर निगम के 60 वार्ड निर्धारित हुुए हैं। पिछले चुनाव मेें शहर में 109 मतदान केंद्र बनाए गए थे लेकिन इस बार नगर निगम के 124 मतदान केंद्रों पर बूथ बनेंगे।
नवसृजित निकायों में 47894 मतदाता शामिल
निकाय चुनाव में इस बार नवसृृजित निकायों के 47894 ऐसे मतदाता होंगे जो पहली बार किसी निकाय अध्यक्ष और वार्ड सदस्य को चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। नगर पंचायत निगोही में 16,914, बंडा में 17,915 और नगर पंचायत कलान में 14,065 मतदाता होने का अनुमान है। इसी आधार पर इन तीनों निकायों में 23 मतदान केंद्र और 64 मतदेय स्थल बनाने का निर्णय किया गया है।
नगरीय निकायों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य
--------------------------------------------------------------------
निकाय वार्ड मतदान केंद्र मतदेय स्थल मतदाताओं की संख्या
तिलहर 25 24 59 45192
जलालाबाद 25 14 42 28831
शाहजहांपुर नगर निगम 60 124 262 269222
पुवायां 25 12 30 21868
अल्हागंज 11 07 14 10721
खुदागंज 11 10 14 12503
कांट 15 09 25 21847
कटरा 16 11 33 26076
खुटार 12 07 17 13549
निगोही 15 08 21 16914
बंडा 15 06 21 16915
कलान 13 09 22 14065
----------------------------------------------------------------------------------------------
योग 243 241 560 4,97,703
----------------------------------------------------------------------------------------------
अभी निकायों से निर्वाचन की सभी सूचनाएं उपलब्ध नहीं हुई हैं, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग से मिले निर्देशों के अनुसार चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुनरीक्षण अभियान पूरा होने के बाद सभी निकायों में मतदाताओं की वास्तविक संख्या अनुमान से थोड़ी अधिक हो सकती है। -सरोज कुमार, प्रभारी, पंचस्थानीय चुनाव कार्यालय