- मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत गुरुनानक पाठशाला में हुई जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता
- डीआईओएस, बीएसए समेत छात्र-छात्राएं रहे निर्णायक, रसोइयों को सम्मानित भी किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत सोमवार को गुरुनानक कन्या पाठशाला में जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता हुई। इसमें रसोइयों ने पौष्टिक व स्वादिष्ट भोजन बनाकर पुरस्कार जीता। जीआईसी तिलहर की रसोइया सतनाम ने तहरी बनाकर पहला पुरस्कार पाया।
रसोइयों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने और अति पौष्टिक व स्वादिष्ट भोजन बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पाक कला प्रतियोगिता हुई। इसके लिए पूर्व में 39 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें 26 ने प्रतिभाग किया। इसके बाद विद्यालय में रसोइयों ने विभिन्न व्यंजनों को बनाया। निर्णायक मंडल में शामिल डीआईओएस शौकीन सिंह यादव, बीएसए कुमार गौरव, एएओ बेसिक ब्रजेश शुक्ला, जीजीआईसी प्रधानाचार्य विमला वर्मा, होटल के चीफ शेफ दिनेश सिंह रनसावल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपाशंकर और जीजीआईसी की गृह विज्ञान की प्रवक्ता प्रीति छावड़ा और प्राथमिक विद्यालय अजीजगंज व रोटी गोदाम स्कूल के दस छात्र-छात्राओं ने रसोइयों के बनाए व्यंजनों को चखने के बाद नंबर आवंटित किए। प्रतियोगिता में सतनाम कौर की तहरी ने प्रथम स्थान पाया। वहीं भावलखेड़ा के कंपोजिट विद्यालय हथौड़ा की माया देवी की तहरी ने दूसरा और जीजीआईसी नगर की मीरा के दाल-चावल ने तृतीय स्थान पाया। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीसी एमडीएम निश्चय सिंह, मनोज सिंह, प्रेमपाल गंगवार, मुदित सेठ, प्रीति वर्मा आदि मौजूद रहीं।
शाहजहांपुर में गुरुनानक पाठशाला में विजेताओं को सम्मानित करते अतिथि डीआईओएस एसएस यादव। संवाद