शाहजहांपुर में एक मिठाई की दुकान पर बूंदी के लड्डू तैयार करते कर्मचारी। संवाद
शाहजहांपुर। मतगणना के बाद जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशी और उनके समर्थक जश्न में डूब जाएंगे। इसको लेकर बाजार में भी तैयारी हुई। मिठाई वालों ने जहां एडवांस में लड्डू तैयार कराए। फूल-माला, आतिशबाजी वालों ने भी तैयारी कर ली है।
बहादुरगंज, सदर बाजार, चौक क्षेत्र में स्थित मिठाई की दुकानों और उनके गोदामों पर सोमवार को कारीगर बूंदी और बेसन के लड्डू तैयार करने में जुटे थे। बहादुरगंज, घंटाघर और चौक में मालियों के यहां फूलों की माला तैयार की जा रही थीं। मिठाई विक्रेता राजकुमार यादव ने बताया कि विधानसभा तथा नगर निकाय के चुनाव में कई प्रत्याशी मैदान में होते हैं। उन चुनावों के परिणाम आने पर प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा जोरशोर से जश्न मनाया जाता है, तब लड्डू तैयार करने के ऑर्डर भी खूब मिलते हैं।
लोकसभा चुनाव में एक ही प्रत्याशी की जीत होगी, इसलिए लड्डू की मांग कम रहेगी। बावजूद मिठाई विक्रेताओं द्वारा तैयारी की गई है। समर्थकों द्वारा अपने प्रत्याशी की जीत पर मिठाई तो बांटी ही जाएगी। बहादुरगंज में फूल माला बेचने वाले अमित सैनी ने बताया कि मंडी समिति में परिणामों की घोषणा होने पर फूलमाला की जरूरत पड़ेगी। वहीं पर फूलमालाएं बेचने जाएंगे। सामान्य दिनों में 30 से 50 रुपये किलो तक माला बिकती है। आतिशबाजी विक्रेता वेदप्रकाश ने बताया कि समर्थकों द्वारा आतिशबाजी की खरीदारी की जाती है। जश्न तो मनाया ही जाएगा, इसलिए आतिशबाजी उपलब्ध रहेगी।
शाहजहांपुर में एक मिठाई की दुकान पर बूंदी के लड्डू तैयार करते कर्मचारी। संवाद