शाहजहांपुर। गेहूं खरीद की समय सीमा एक हफ्ते बढ़ने से किसानों ने राहत की सांस ली है। अब जनपद की सभी मंडियों में 22 जून तक गेहूं खरीद होगी। पहले गेहूं की खरीद 15 जून तक होनी थी।
यहां बता दें एक अप्रैल से अब तक 1975 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर दो लाख 89 हजार 976 टन गेहूं खरीदा गया जो कि गत वर्ष की तुलना में एक लाख 14 हजार 457 टन अधिक है।
गत वर्ष शासन से मिले 2.73 लाख टन लक्ष्य के सापेक्ष एक लाख 75 हजार 519 टन गेहूं की खरीद हुई थी। इस वर्ष प्रदेश के अन्य जनपदों की तरह जिले को भी शासन से गेहूं खरीद लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ। दरअसल, इस वर्ष गेहूं की बेहतर पैदावार को देखते पहले से ही बंपर खरीद होने का अनुमान था। यही हुआ भी। गत एक अप्रैल को खरीद शुरू होने पर विभिन्न एजेंसियों के 171 क्रय केंद्र खोले गए। होली के बाद सेंटरों पर गेहूं की आवक एकाएक बढ़ी तो अधिकारियों ने 12 क्रय केंद्र बढ़ा दिए थे।
प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश पांडेय ने बताया कि अब तक दो लाख 60 हजार 302 टन गेहूं सरकारी और निजी क्षेत्र के गोदामों में भंडारित कराया जा चुका है। जो गेहूं क्रय केंद्रों पर शेष बचा है, उसे भंडारित करने के लिए अन्य कई गोदाम किराए पर लिए गए हैं और उसे भी वहां रखवा दिया जाएगा ताकि मानसून सीजन मेें गेहूं भीगने नहीं पाए।