शाहजहांपुर। मघई टोला स्थित गोशाला और पुवायां रोड पर सिंचाई विभाग के कार्यालय में चलने वाली नंदीशाला में नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
गोशाला और नंदीशाला में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। हरे चारे की समय व उचित मात्रा में आपूर्ति नहीं होने की जानकारी दी गई। गोबर की कंपोस्ट व लकड़ी का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ था। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और गोशाला प्रभारी महाप्रबंधक (जल) को संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही निरन्तर सफाई कराने का नया प्रस्ताव बनाने को कहा गया। हरे चारे की आपूर्ति के लिए पुराने आपूर्तिकर्ता का कार्यादेश निरस्त करते कर नए टेंडर कराने, गोबर से वर्मी कंपोस्ट व गोबर की लकड़ी तैयार कराने की मशीन लगाने को कार्यवाही शुरू कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला और नंदीशाला में आने वाले अधिकारियों, अगंतुको की निरीक्षण टिप्पणी अंकित करने को अलग-अलग 02 पंजिकाएं खोलें। एक पंजिका पशु चिकित्सक की टिप्पणी के लिए रहेगी।