पुवायां। कस्बे में कई जगह अवैध रूप से सिलिंडर की रिफिलिंग की जा रही है। वहां अवैध रूप से सिलिंडर भी बेचे जा रहे हैं। ऐसे में घनी आबादी में किसी दिन आग लगी तो बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार जानकारी के बाद भी चुप्पी साधे हैं।
बरेली के रजऊ परसपुर की एक गैस एजेंसी के गोदाम पर ट्रक में आग लगने के बाद तमाम गैस सिलिंडर फटे थे, लेकिन बड़ा हादसा बच गया था। इसका कारण ये रहा कि गोदाम आबादी से बाहर था। कस्बे में निगोही रोड पर एक दुकानदार ने दुकान के पीछे गोदाम बना रखा है। यहां बड़ी संख्या में सिलिंडर रखे हुए हैं। यहां से सिलिंडर बेचे जाते हैं और रिफिलिंग भी की जाती है।
बंडा रोड पर हाईवे की एक दुकान में ही सिलिंडर भरे रहते हैं। इसके अलावा भी नगर के अंदर घनी आबादी के बीच भी कई दुकानदारों ने गोदाम बना रखे हैं, जहां सिलिंडर रखे जाते हैं।
अवैध गैस सिलिंडर बेचने वालों की पुलिस से सांठगांठ के चलते खुलेआम रिफिलिंग के बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। खास बात यह है कि कई गैस एजेंसियों के वाहन अवैध रूप से सिलिंडर बेचने वालों के यहां खुलेआम सिलिंडर उतारते हैं। यह सिलिंडर किसके नाम दर्ज होते हैं और किसके नाम चढ़ा दिए जाते हैं, इसकी भी जांच हाे तो बड़े घोटाले का खुलासा हो सकता है।
-
पांच माह पूर्व हुई थी बरामदगी...कार्रवाई आज तक नहीं
नायब तहसीलदार सृजित निगम, पूर्ति निरीक्षक महेश कुमार, वीरपाल के साथ थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान और अपराध निरीक्षक राकेश सिंह ने 17 अक्तूबर को नगर के बीच घनी बस्ती में छापा मारकर एक दुकानदार के घर से 50 से अधिक गैस सिलिंडर बरामद किए थे। बरामद सिलिंडरों को एक गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया था। इस मामले की रिपोर्ट भी उच्च अधिकारियों को भेजी गई थी, लेकिन पांच माह बीतने के बाद भी आज तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। गांव नहिलोरा बुजुर्ग के एक व्यक्ति की ओर से मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई थी।
इस तरह के भंडारण की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी और अवैध भंडारण पाया गया तो कार्रवाई कराई जाएगी।
चित्रा निर्वाल एसडीएम पुवायां
वर्तमान में डीएम की ओर से इस तरह के भंडारण की जांच और कार्रवाई के लिए टीमें बनाई गई हैं। टीमें अपना काम कर रही हैं। अगर अवैध भंडारण पाया गया तो कार्रवाई कराई जाएगी। पूर्व में बरामद 50 से अधिक सिलिंडर को जब्त कर लिया गया है। कंपनी से सिलिंडर के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है, जो अभी नहीं मिली है।
चमन शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी, शाहजहांपुर
फायर ब्रिगेड विभाग का इस तरह के मामलों में सीधा लेना-देना नहीं है। पुलिस और आपूर्ति विभाग कार्रवाई करते हैं, जो लोग लाइसेंस लेकर सिलिंडर भंडारण करते हैं, उनके लिए एनओसी जारी की जाती है।
आकाश सिंह, प्रभारी फायर स्टेशन, पुवायां