फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैस संकट : बंद होने के कगार पर कई होटल-रेस्टोरेंट

विज्ञापन
अ​खिल शुक्ला
विज्ञापन
शाहजहांपुर। ईरान व अमेरिका-इस्राइल के बीच युद्ध से उपजा गैस संकट दिन प्रतिदिन गहराता जा रहा है। व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति न होने से जहां कई होटल-ढाबे बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं वहीं घरेलू गैस सिलिंडर की उपलब्धता के प्रशासनिक दावों के बावजूद लोगों की भीड़ गैस एजेंसी पर उमड़ रही है। इस दौरान विवाद हो रहे हैं और पुलिस को दखल देना पड़ रहा है। शहर में स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में संकट ज्यादा गहराया हुआ है।
विज्ञापन

घरेलू गैस सिलिंडर मिलने में सबसे बड़ी बाधा केवाईसी न होने की सामने आ रही है। शनिवार को सर्वर की स्थिति में सुधार दिखा लेकिन अब भी बुकिंग में उपभोक्ताओं को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। भविष्य में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर भी असर न पड़ जाए, इसके कारण हर व्यक्ति घर में रखा खाली सिलिंडर भरवा लेना चाहता है।
यही वजह है कि एजेंसियों पर बुकिंग आम दिनों की अपेक्षा कई गुना हो रही है। प्रशासन की ओर से गठित टीमें लगातार गैस एजेंसियों पर निगरानी कर रहीं हैं। रसोई गैस का पर्याप्त भंडार होने के बाद भी उपभोक्ता भ्रम की स्थिति में हैं। 50 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं की केवाईसी नहीं हुई है। इसकी वजह से इनके सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो रही। एजेंसियों पर केवाईसी लगाने के लिए भीड़ लगी है।
विज्ञापन


सर्वर की गति पहले से बढ़ी
पिछले तीन दिनों से सर्वर डाउन होने की स्थिति में केवाईसी की प्रक्रिया बहुत धीमी चल रही थी। शनिवार को सर्वर की गति में थोड़ा सुधार हुआ है। इससे केवाईसी के बाद बुकिंग की संख्या बढ़ गई है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि आपूर्ति की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। दावा किया जा रहा है कि बुकिंग के दो से तीन दिन के अंदर सिलिंडर की आपूर्ति कर दी जा रही है।

बरेली से लानी पड़ रही भट्ठी
बाजार में भट्ठी बनाने वाले कारीगर नहीं रह गए हैं। ऐसे में लोगों को बरेली से भट्ठी लेकर आनी पड़ रही है। वहां पर भी बुकिंग कराने के बाद भट्ठी मिल पा रही है। इससे उनके सामने संकट खड़ा हो गया है। बाजार में भट्ठी और लोहे के चूल्हों की बिक्री बढ़ गई है। इनका प्रयोग होने से कोयला और लकड़ी की भी मांग में भी इजाफा हो रहा है।
-
तिलहर : गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का हंगामा, नोकझोंक

तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर मंडी समिति के पास गैस एजेंसी पर रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए शनिवार को सुबह से उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। इस बीच, उपभोक्ताओं ने एजेंसी के एक कर्मचारी पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए हंगामा और नारेबाजी करनी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया।
गैस सिलिंडर लेने के लिए शनिवार को सुबह करीब दस बजे बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसी पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान मौके पर मौजूद छात्र नेता अभिमर्दन सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि एजेंसी के एक कर्मचारी ने उपभोक्ताओं को गोली मारने की धमकी दी। उनका कहना था कि मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भी उपभोक्ताओं को शांत कराने के बजाय उन्हें धमकाने का प्रयास करने लगे। इससे वहां मौजूद लोगों ने गैस एजेंसी के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने लोगों को यह आश्वासन देकर शांत किया कि यदि कोई लिखित शिकायत दी जाती है तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसी संचालक अशोक सिंह ने कर्मचारी पर लगाए गए आरोप को निराधार बताया।
उनका कहना है कि गैस सिलिंडरों की बुकिंग और वितरण पूरी तरह नियमानुसार किया जा रहा है, लेकिन कुछ लोग दबाव बनाकर पहले सिलिंडर लेने की कोशिश करने में विफल होने पर अनावश्यक आरोप लगा रहे हैं। थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद



देवकली : बुकिंग के एक हफ्ते बाद भी नहीं मिल रहे सिलिंडर
देवकली। स्थानीय गैस एजेंसी के कर्मचारियों की मनमानी के चलते गैस वितरण में बुकिंग के एक सप्ताह बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं दिए जा रहे हैं। स्थानीय एजेंसी पर कई दिन से ताला पड़े होने से वहां से तमाम उपभोक्ताओं को शनिवार को भी मायूस लौटना पड़ा।
बंडा के मोहल्ला धर्मापुर की सुधा देवी के अनुसार उन्होंने सात मार्च को गैस बुक कराई थी। कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर आया ओटीपी नंबर भी मांग लिया, सिलिंंडर लेने जाने पर एजेंसी बंद मिली। पूर्ति निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि गैस के संकट के कारण बुकिंग के तुरंत बाद उपभोक्ताओं को एजेंसी से संपर्क करना चाहिए। इसमें देर होने पर सिलिंडर मिलने में कठिनाई होगी।
बुकिंग के बाद भी सिलिंडर नहीं मिलने की जांच कराई जाएगी। मोहिउद्दीनपुर की प्रेमवती ने बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले गैस की बुकिंग कराई थी। तब कहा गया कि दो दिन में सिलिंडर मिल जाएगा। तब से बार-बार गैस एजेंसी के चक्कर काटने पर भी सिलिंडर नहीं मिला। एजेंसी पर कोई भी यह बताने वाला नहीं है कि गैस कब तक मिलेगी।
पटेलनगर के देवेंद्र शर्मा ने बताया कि रसोई गैस बुक कराने के बाद भी नहीं मिल रही है। कुछ लोग कालाबाजारी करके 1500 से लेकर 1800 रुपये में सिलिंडर बेच रहे हैं। संवाद

लोगों की बात
पहले के व्यावसायिक सिलिंडर बचे हुए थे। उनसे अब तक काम चल रहा था। बरेली से भट्ठी की बुकिंग कराई है। कोयला खरीदकर रख लिया है। अब जरूरतभर खाना बनाएंगे।
- गंगा गुप्ता, होटल संचालक

रेस्टोरेंट पर व्यावसायिक सिलिंडर खत्म होने के कगार पर हैं। इसके बाद मजबूरी में रेस्टोरेंट बंद करना पड़ेगा। रेस्टोरेंट में भट्ठी का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। गैस की कमी से काफी नुकसान हो रहा है।
- तुषार गुप्ता, रेस्टोरेंट संचालक

तीन दिन पहले गैस बुक हो चुकी है, लेकिन एजेंसी की ओर से सिलिंडर की सप्लाई नहीं की जा रही है। घर में सिलिंडर खत्म होने से काफी समस्या हो गई है। इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल किया जा रहा है।
- अखिल शुक्ला, ग्राहक

केवाईसी कराने के बाद भी गैस की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है। घर में सिलिंडर नहीं बचा है। काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिलिंडर लेने के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
- रुपाली गुप्ता

गैस एजेंसियों पर तैनात किया गया पुलिस बल



शाहजहांपुर। प्रशासन का दावा है कि जनपद की समस्त एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर का स्टॉक है। गैस की किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है। उपभोक्ता केवाईसी कराकर गैस की ऑनलाइन बुकिंग कराकर रिफिल प्राप्त कर सकते हैं। डीएम के निर्देश पर गैस एजेंसियों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। जनपद में संचालित इंडेन गैस एजेंसियों के 8156 उपभोक्ताओं ने शनिवार को बुकिंग कराई। 5867 उपभोक्ताओं को गैस की रिफिल डिलीवरी की गई। बीपीसी गैस एजेंसी पर 4587 उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई। इनमें 3955 उपभोक्ताओं को गैस रिफिल डिलीवरी की गई। एचपी गैस एजेंसी पर 1340 उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई। 2196 उपभोक्ताओं को डिलीवरी की गई। शनिवार को कुल 14003 उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई जिनमें से 12018 उपभोक्ताओं को गैस डिलीवरी दी गई। संवाद







खाड़ी देशों में तनाव से पिस्ते के दाम में उछाल



शाहजहांपुर। खाड़ी देशों में तनाव के चलते मेवे पर भी संकट गहराने लगा है। जिले में अचानक से पिस्ता के दामों में पांच से सात प्रतिशत तक उछाल आया है। हालांकि, अभी अन्य मेवों के रेट में खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। खजूर भी पुराने वाले दाम पर ही बिक रहा है। व्यापारी चंद्र प्रकाश गुलाटी ने बताया कि नया स्टॉक मंगाने पर पिस्ते के दाम में इजाफा हुआ है। ईरान, अमेरिका से आने वाला पिस्ते का 250 ग्राम का पैकेट पूर्व में तीन सौ रुपये का आता था। अब यह 325 रुपये का हो गया है। खजूर विक्रेता मोईन खान ने बताया कि खजूर के दाम में कोई इजाफा नहीं हुआ है। अधिकतर खजूर सऊदी अरब में होता है। रमजान शुरू होने पर लोगों ने पहले ही खेप मंगा ली थी। नई खेप आने पर बढ़े हुए दाम की जानकारी होगी।

-
सर्वर ठीक से काम करने लगा है। ऐसे में रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग में दिक्कत नहीं हो रही है। सभी एजेंसियों पर नजर रखी जा रही है। लोग धैर्य रखें। घरेलू गैस सिलिंडर की कहीं पर कोई कमी नहीं है।
- धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम

जिले की एजेंसियों पर घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार है। एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है। कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- चमन शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी

अखिल शुक्ला

अखिल शुक्ला

अखिल शुक्ला

अखिल शुक्ला

अखिल शुक्ला

अखिल शुक्ला

अखिल शुक्ला

अखिल शुक्ला

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें