शाहजहांपुर। तिलहर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात मुठभेड़ में पकड़े गए मादक पदार्थों की तस्करी और गैंगस्टर एक्ट सहित नौ अभियोगों में वांछित बदमाश रियाज मोहम्मद उर्फ बाबू को इलाज के बाद शुक्रवार की शाम न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी।
रियाज मोहम्मद उर्फ बाबू मूलरूप से बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र का रहने वाला है। वर्तमान में वह मीरानपुर कटरा के मोहल्ला आतिशबाजान में मकान बनाकर रहता था। उसने तस्करी से ही शोरूम, भट्ठे व अन्य संपत्तियां बना ली थीं। पुलिस के अनुसार, रियाज पर बरेली के फतेहगंज पूर्वी में 2017 में मारपीट का पहला मुकदमा दर्ज हुआ था।
फिर 2018 में मीरानपुर कटरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके बाद 2022 में बरेली के देवनरिया थाने व 2024 में तिलहर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। 2025 में उस पर पांच केस दर्ज हुए। इनमें दो थाना मीरानपुर कटरा, एक मुजफ्फरनगर जिले के थाना बुढ़ानपुर, दो दिल्ली की क्राइम ब्रांच में दर्ज हुए।
वहीं, इस साल मीरानपुर कटरा थाने में गैंगस्टर लगी थी। पुलिस काफी समय से तलाश कर रही थी। सीओ तिलहर इशिका सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।