पुवायां (शाहजहांपुर)। खुटार में शोरूम से लगभग छह लाख रुपये के मोबाइल चोरी के मामले में जेल भेजे गए आरोपियों के खिलाफ थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। एसओ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि जनपद लखीमपुर के थाना संपूर्णानगर के गांव रानीनगर निवासी अरविंद रैदास उर्फ गोविंद अपने गैंग के साथ अपराध जगत में सक्रिय है। इस गैंग में लखीमपुर के थाना हजारा के गांव अशोक नगर का सोनू कुमार रैदास, थाना नीमगांव के गांव बेहजम और वर्तमान में चीनी मिल कालोनी संपूर्णानगर का सूरज शर्मा, थाना हजारा के रामनगर का मिथुन गैंग के सदस्य हैं। ये लोग गैंग बनाकर घरों, दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करते हैं। लोगों से मारपीट करते हैं, जो जघन्य अपराध की श्रेणी में आता है। इस कारण गैंग के लोगों के खिलाफ कोई गवाही नहीं देता है।
सक्षम अधिकारियों की अनुमति के आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस गैंग के लोगों ने खुटार में मोबाइल शॉप से लगभग छह लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए थे। आरोपियों को पकड़ने के बाद कुछ मोबाइल बरामद किए गए थे। आरोपियों को जेल भेजा गया था।