पुवायां (शाहजहांपुर)। दो स्थानों पर मारपीट और धारदार हथियार चलने से 12 लोग घायल हो गए। एक घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों मामलोंं में 11 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गांव नाहिल निवासी रोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि 19 अप्रैल की शाम वह बाइक से खेत पर जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही मुकेश, दुर्वेश, शिवांकर, अनिल ने घेर लिया और लाठी, डंडों से पीटने लगे। शोर सुनकर राजेश, रामकली, नन्हीं देवी, शोभित, सूरज आदि बचाने गए तो आरोपियों ने उक्त को भी पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने राजेश पर धारदार हथियार से हमलाकर गंभीर घायल कर दिया, जिससे राजेश बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। वह राजेश को बेहोशी की हालत में कोतवाली लाए और बाद में सीएचसी पर भर्ती कराया। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उधर गांव टेहरी ढुकरी निवासी दीपक शर्मा ने पुलिस को बताया कि 20 अप्रैल को वह साथी सौरभ और एक श्रमिक के साथ ठेके पर लिया गया खेत देखने गांव मजीदपुर गया था। वापस घर आते समय मजीदपुर के संजय, सचिन आदि ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर वाहन में तोड़फोड़ कर दी और उसे, सौरभ और श्रमिक को घाायल कर दिया। दूसरे पक्ष से सर्वेश कुमार ने टेहरी ढुकरी के दीपक और तीन अन्य लोगों पर उसकी दुकान पर आकर पान मसाला मांगने और इंकार करने पर पीटकर घायल करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। मारपीट में सर्वेश पक्ष के सचिन और संजय भी घायल हुए हैं।