शाहजहांपुर। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर श्रंगी ऋषि की तपस्थली ढाईघाट गंगातट पर हजारों श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ पतितपावनी गंगा मैया में डुबकी लगाई। पुरोहितों को अन्न, वस्त्र, मिष्ठान और मुद्रा दान कर पुण्यलाभ अर्जित किया। इस अवसर पर सामाजिक संगठन गंगा समग्र के कार्यकर्ताओं ने गंगा स्वच्छता संदेश के पत्रक बांटे तथा विहिप ने गंगातट के समीप पौधरोपण किया।
रविवार सुबह से शुरू हुआ गंगास्नान का क्रम शाम तक चलता रहा। इस अवसर पर तैराक, यातायात पुलिस, मेले की सुरक्षा के लिए मिर्जापुर थाने की पुलिस तैनात रही। श्रद्धालुओं ने गंगास्नान करने के बाद गंगातट पर संतों के आश्रम में गंगा अवतरण की कथा और प्रवचनों का श्रवण किया।
गंगा दशहरा पर्व पर सामाजिक संगठन ‘गंगा समग्र’ के खंड स्वच्छता प्रमुख मैथिलीशरण गुप्ता पिंटू, प्रधान ग्राम पंचायत भरतपुर संतोष सिंह, करुणाशंकर वाजपेयी और सुबोध कुमार औदीच्य ने गंगा मां को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने का आह्वान करते हुए श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता संदेश पत्रक बांटे।
इस अवसर पर विहिप के जिला सहमंत्री पुष्पेंद्र सिंह परमार, मंत्री आलोक शर्मा, सत्येंद्र, प्रद्युम्न, रामसागर, कल्लू यादव, रामसागर ने गंगातट के समीप पौधरोपण किया। गंगावासी सतीशचंद्र गुप्ता को पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी।
गंगा दशहरा पर हुआ भंडारे का आयोजन
बंडा। गांव कुंडरा स्थित सिद्ध बाबा के स्थान पर रविवार को हवन, पूजन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में तमाम श्रद्धालुओं ने खीर और हलवे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में राजीव कुमार कुशवाहा, डॉ. रामगोपाल वर्मा, विजय कुमार यादव, सुनील कुशवाहा, फूल सिंह कुशवाहा, प्रदीप कुशवाहा, हर्षित यादव, मन्ना सिंह उर्फ सुखचैन, गुरुदेव सिंह, सरजन सिंह कुशवाहा सहित तमाम लोगों को सहयोग रहा। संवाद