शाहजहांपुर। नरौरा बैराज से 1.54 क्यूसेक पानी पास किए जाने से कलान तहसील के भैंसार बांध पर गंगा में उफान सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। यहां बीते 24 घंटों में गंगा का जलस्तर 25 सेमी बढ़ गया। गंगा उफनाने से मिर्जापुर ब्लॉक के करीब एक दर्जन तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
उत्तराखंड के अन्य कई बैराजों से पानी की निकासी कम होने के बावजूद पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण रामगंगा में भी पानी बढ़ रहा है। इससे जलालाबाद क्षेत्र में हैदलपुर से लेकर परौर क्षेत्र में नदी के किनारे बसे कई गांवों के खेतों तक बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है।
कलान के एसडीएम और तहसीलदार ने सभी बाढ़ चौकियों के कर्मचारियों को संबंधित गांवों का निरंतर भ्रमण कर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर जन सामान्य को उचित स्थान पर पहुंचाने के साथ उन्हें राहत सामग्री मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
तीन दिन पहले हरिद्वार बैराज से पास किए गए 1.85 लाख क्यूसेक पानी की खेप नरौरा में रोक लिए जाने के बाद वहां से अतिरिक्त पानी की निकासी जैसे-जैसे बढ़ रही है, उसी अनुपात में गंगा में उफान भी बढ़ रहा है। एक दिन पहले तक नरौरा से 1.35 लाख क्यूसेक पानी निकल रहा था, लेकिन बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सोमवार सुबह मिली सूचना के अनुसार यहां से पास किए जा रहे पानी की मात्रा 19 हजार 766 क्यूसेक बढ़ा दी गई है।
बता दें कि जिले की जलालाबाद व कलान तहसील में लगभग 25 किमी के दायरे में बहने वाली गंगा में पानी बदायूं के कछला घाट से यहां पहुंचता है। कछला घाट पर रविवार को गंगा का जलस्तर 67 सेमी घटकर 161.22 सेमी था, लेकिन 24 घंटे में जलस्तर 1.08 मीटर बढ़कर 162.38 मीटर हो गया।
माना जा रहा है कि अगले 24 से 36 घंटे के भीतर कछला से पानी का तेज बहाव यहां पहुंचने पर गंगा में उफान आ जाएगा। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार खो, हरेली, किच्छा, धौरा, बहगुल आदि डाम से रामगंगा में पानी की निकासी एक दिन पहले की तुलना में 436 क्यूसेक घटकर 4664 क्यूसेक हो गई है।
इसके बावजूद बरेली के चाैबारी घाट पर रामगंगा का जलस्तर 13 सेमी बढ़कर 159.40 मीटर हो गया। रामगंगा उफनाने से जनपद के परौर और अल्हागंज क्षेत्र तक तटीय गांवों तक पानी पहुंचने की आशंका है। बताया गया कि गत कई दिनों से सीमित बारिश होने से गर्रा और खन्नौत नदियों के जलस्तर में गिरावट जारी है।
000
गंगा की बाढ़ से घिरा इस्लामनगर गांव का संपर्क मार्ग
कलान/मिर्जापुर। गंगा में तीन दिन से लगातार पानी बढ़ने से गंगा के दोनों तटों पर बसे करीब दो दर्जन गांवों में फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि, भैंसार गांव के पास तटबंध बना होने से आसपास के करीब एक दर्जन गांव बाढ़ से सुरक्षित हैं, लेकिन जलालाबाद के ढाई गांव से लेकर मिर्जापुर क्षेत्र के कई गांवों के पानी में घिरने पर टापू बन जाने की आशंका है। इस्लामनगर और उसके मजरे आजादनगर को ब्लॉक मुख्यालय की मुख्य सड़क से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के दोनों किनारे गंगा की बाढ़ से घिर चुके हैं। कई बार बाढ़ से कट चुके इस संपर्क मार्ग को कटान से बचाने के लिए आरसीसी से बनाया गया है। ग्रामीणों का मानना है कि गंगा में उफान बढ़ा तो गांव का रास्ता डूबने पर गांव तक आवागमन कठिन हो जाएगा। यही नहीं, गंगा के किनारे बसे क्षेत्र के गुंदौरा दाउदपुर, कीलापुर खुर्द, भरतपुर, पैलानी उत्तरी, लक्ष्मणपुर, शम्सीपुर आदि गांवों में पानी अंदर घुस जाएगा। एसडीएम महेश चंद्र कैथल और तहसीलदार अजहर अंसारी ने सभी बाढ़ चौकियों के स्टाफ को क्षेत्रीय गांवों में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं। संवाद
000000
गंगा के तटीय गांवों में अधिकारियों ने देखे बाढ़ के हालात
मिर्जापुर। गंगा मेें उफान बढ़ने के मद्देनजर कलान के एसडीएम महेश कुमार कैथल और तहसीलदार अजहर अंसारी ने सोमवार शाम तटीय गांवों का दौरा कर बाढ़ के हालात का जायजा लिया। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का पानी इस्लामनगर और आजादनगर के आगे मस्जिदनगला, पंखियानगला, बांसखेङ़ा आदि गांवों की सीमा तक तेजी से पहुंचने लगा है। अधिकारियों ने इन गांवों समेत ढाई घाट गंगा तट का निरीक्षण किया। एसडीएम ने ढाई घाट पर लगे जिला पंचायत के कैंप में मौजूद कर्मचारियों से कांवड़ियों द्वारा जल भरने के दौरान एहतियात बरतने और घाटों पर हर समय गोताखोर तैनात रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही रात में समुचित प्रकाश व्यवस्था और गंगा में बेरीकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए। जिला पंचायत के लिपिक विनोद गुप्ता के अनुसार गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट पर कांवड़ियों की पेयजल व्यवस्था को लगाए गए हैंडपंप डूब गए हैं। संवाद
नदियों का जलस्तर (मीटर में)
खतरे का निशान मौजूदा जलस्तर जलस्तर में वृद्धि/ कमी
गंगा 144.10 143.00 +0.25
रामगंगा 164.29 159.40 +0.13
गर्रा 149.80 144.40 -0.10
खन्नौत 146.75 142.60 -0.05
मिर्जापुर-शमशाबाद मार्ग पर चौराढाई गांव के पास पहुंची उफनाई गंगा। संवाद