फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: 90 किमी की रफ्तार से चला अंधड़...दिन में छाया अंधेरा, गिरे पेड़

विज्ञापन
आंधी के दौरान बिजली की लाइन पर गिरा पेड़। स्रोत: बिजली निगम
विज्ञापन
शाहजहांपुर। लगातार दूसरे दिन बुधवार को करीब 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चला। बादल इतने घने थे कि दिन में अंधेरा छा गया। वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलाना पड़ा। बारिश से लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। कई जगह पेड़ उखड़कर मकान पर गिर गए।
विज्ञापन

मंगलवार को भी तेज हवा के साथ बारिश हुई थी। बुधवार को सुबह तेज धूप निकली और उमस ने लोगों को परेशान किया। मध्याह्न 12 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। देखते-देखते घने बादल छा गए और तेज हवा चलने लगा। इस दौरान करीब 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चला। कई जगह पेड़ उखड़ गए।
पेड़ बिजली की लाइनों पर गिरने से बिजली गुल हो गई। गन्ना शोध परिषद में भी कई पेड़ गिर गए। अंधड़ के बाद बारिश शुरू हो गई। गन्ना शोध संस्थान के मौसम विज्ञानी डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक एमएम बारिश हुई।
विज्ञापन

मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.1 अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। बुधवार को अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री का इजाफा और न्यूनतम में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। वायुदाब 20 मिलीबार गिरा हुआ है। ऐसे में संभावना है कि बृहस्पतिवार को भी बादल छाएंगे और बारिश हो सकती है।

अंधड़ ने उड़ाए टिनशेड, बाइकें गिरने से लोग चोटिल
पुवायां। बुधवार दाेपहर अंधड़ से कई जगह टिनशेड उड़ गए। पुवायां के रामलीला मैदान पर टिनशेड उड़कर दूर जा गिरे। यहां कई बाइकें भी गिर जाने से गंगसरा के आलोक, पप्पू, जेबा के रामकुमार, पुवायां के रामचंद्र, जयद्रथ, राजकुमार आदि चोटिल हो गए। कई जगह पेड़ भी गिर गए। संवाद

अंधड़ में गिरा साइनबोर्ड

जैतीपुर। अंधड़ के कारण क्षेत्र में कई पेड़ गिर गए जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, दातागंज-फतेहंज पूर्वी मार्ग पर कुनियां बिहारीपुर गांव के आगे लगा बड़ा साइन बोर्ड अंधड़ में जमीन पर गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन या यात्री नहीं निकल रहा था। संवाद

हादसों में बुजुर्ग महिला समेत तीन घायल
तिलहर। तेज आंधी के दौरान हादसे में बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद किशोर व बुजुर्ग महिला को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव भेदसराय निवासी पप्पू का 14 वर्षीय पुत्र शेर सिंह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आंधी चलते घर की दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आकर घायल हो गया। दूसरी ओर तिलहर थाना क्षेत्र के गांव शेरगढ़ निवासी शकुंतला देवी बुधवार को छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गईं थीं। इसी दौरान आई आंधी से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मोहल्ला भक्सी निवासी कमरजहां घर पर बैठी थीं। इसी दौरान तेज आंधी के कारण पड़ोसी के मकान की टिन उड़कर उनके ऊपर आ गिरी। इससे वह घायल हो गईं। संवाद
-
अंधड़ और बारिश से बिजली गुल...ग्रामीण इलाकों में गहराया संकट

शाहजहांपुर। अंधड़ और बारिश से बुधवार को फिर बिजली की व्यवस्था पटरी से उतर गई। अंधड़ में कई जगहों पर बिजली के खंभे गिरने, तार टूटने व इंसुलेटर फटने से आपूर्ति बाधित हो गई। शहरी इलाकों में बिजली को प्रयास कर चालू करा दिया गया। तमाम गांवों में शाम तक बिजली नहीं आ सकी।
बुधवार को दोपहर में अंधड़ आने पर सुरक्षा की दृष्टि से 220 केवीए पैना ट्रांसमिशन से बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई। इस अवधि में बहादुरगंज, गोविंदगंज, अब्दुल्लागंज, सिटी पार्क, हथौड़ा, निगोही रोड उपकेंद्र की आपूर्ति को बंद कर दिया गया। तेज हवा के कारण मोहल्ला बिसरात में हयातपुरा फीडर का खंभा झुक गया।
इसी तरह अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के केरूगंज फीडर की बिजली दो घंटे तक बंद रही। निगोही और बीसलपुर की लाइन भी ठप हो गई। अंधड़ बंद होने के बाद इंजीनियरों ने लाइन पर गश्त को दूर करने के बाद आपूर्ति को रोक दिया। जहां पर बड़ा फॉल्ट आया, वहां इंटरकनेक्ट सिस्टम से दूसरे उपकेंद्र से जोड़कर आपूर्ति को बहाल कर लिया।
ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट बढ़ गया। मंगलवार को अंधड़ में गुल बिजली को बहाल करने में कर्मचारी जुटे थे। अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि शहरी इलाके की बिजली आपूर्ति को बहाल कर लिया गया है।

खुदागंज में पेड़ गिरने से टूटी लाइन
खुदागंज में कंधरपुर मार्ग के किनारे एचटी लाइन पर कई जगह पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। देवरास उपकेंद्र से जुड़े एचटी लाइन के कई फीडरों पर अंधड़ के कारण आपूर्ति बाधित पड़ी है। इसके चलते कंधरापुर, कंधरापुर नवदिया, बगवतीपुर, भाऊपुर, गौहनिया, मझिला, सकटिया बहादुरपुर, भरतपुर, मकरंदपुर उर्फ धीमरपुरा आदि की आपूर्ति बाधित रही। बिजली जाने से लोग काफी परेशान हैं। वीरेंद्र सिंह, अनिल सिंह, अमित सिंह, अवधेश मिश्रा, आयुष सिंह आदि ने आपूर्ति को बहाल कराने की मांग की है। संवाद

आंधी के दौरान बिजली की लाइन पर गिरा पेड़। स्रोत: बिजली निगम

आंधी के दौरान बिजली की लाइन पर गिरा पेड़। स्रोत: बिजली निगम

आंधी के दौरान बिजली की लाइन पर गिरा पेड़। स्रोत: बिजली निगम

आंधी के दौरान बिजली की लाइन पर गिरा पेड़। स्रोत: बिजली निगम

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें