मेडिकल डिवाइस के लिए देश-दुनिया में पहचान बनाने वाली जी सर्जीवियर ने अब मच्छराें से निजात दिलाने के लिए एक कवच बनाया है। इसका आज मीडिया के सामने डेमो किया गया। एक विशेष प्रकार के फैब्रिक से स्लीपिंग बैग, कंबल, रक्षात्मक हुड, कोट, पैंट और बच्चों के लिए स्लीपिंग बैग तैयार किए गए हैं। इनसे मच्छरों के अलावा जहरीले कीट-पतंगों से भी बचाव किया जा सकता है। इन वस्त्रों को सैनिकों के लिए भी उपयोगी बताया जा रहा है।
जी सर्जीवियर के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. जीडी अग्रवाल ने बताया कि विशेष प्रकार की बीविंग से तैयार फैब्रिक से कंबल, स्लीपिंग बैग, रक्षात्मक हुड, कोट-पैंट और बच्चों के लिए स्लीपिंग बैग तैयार किए गए हैं। इन वस्त्रों के इस्तेमाल से मच्छर ही नहीं, मधुमक्खी, बर्र और जंगल में अन्य जहरीले कीट पतंगों से भी रक्षा हो सकेगी। उन्हाेंने बताया कि सेना के लिए इस प्रकार के वस्त्र बहुत उपयोगी साबित हाेंगे।
संस्थान की डायरेक्टर रेनू अग्रवाल ने बताया कि मच्छर रोधी कवच को शीघ्र ही बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। चूंकि यह कपड़ा काफी सॉफ्ट और हवादार (मोटी जालीदार) है, इसलिए इसके प्रयोग से किसी प्रकार की घुटन भी नहीं होती है। साथ ही पंखे की हवा भी भरपूर शरीर तक पहुंचती है।