गांव पिपरा जप्ती के ठाकुर जी महाराज मंदिर के पुजारी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर मंदिर की नौ एकड़ जमीन का ठेका नहीं देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मंदिर के पुजारी प्रभुदास अपने शिष्य अनंतदास, वृंदावन के बाबा नवलदास, रामदास, पीलीभीत के रामबाग गौशाला के महंत पूरनदास, शाहजहांपुर के श्यामलाल, बाबा प्रयागदास, बाबा केवलदास, बाबा हरिदास के साथ बंडा थाने पहुंचे। बाबा प्रभुदास ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंदिर के नाम नौ एकड़ जमीन है। जमीन के ठेके से मिलने वाले धन से मंदिर का रखरखाव किया जाता है और पूजा, भंडारा आदि किया जाता है। उक्त जमीन को उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति को 1.15 लाख रुपये में ठेके पर दे रखा था। ठेके पर जमीन लेने वाला गेहूं की फसल काटने के बाद रुपये देने से मना कर रहा है।
पुजारी ने पुलिस से मंदिर की जमीन के ठेके की रकम दिलवाने और कार्रवाई की मांग की है। पुजारी ने जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की भी गुहार की है। पुजारी ने कहा कि अगर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की गई तो वह थाना परिसर में ही आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे।