शहर के ईदगाह तिराहे पर लगे 400 केवी का ट्रांसफार्मर में ओवरलोडिंग की वजह से शनिवार रात आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची जब तक ट्रांसफार्मर जल चुका था। इससे रविवार देर शाम तक समूचे इलाके की बिजली सप्लाई ठप रही है।
लाल इमली चौराहा-ईदगाह रोड पर सुभाषनगर तिराहे के पास लगे पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर 400 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर बमुश्किल चार माह पहले लगाया गया था। उसे गर्म होने से बचाने के लिए पर्याप्त ऑयल फिलिंग भी कराई गई थी। इसके बावजूद शनिवार की रात करीब नौ बजे ओवरलोडिंग की वजह से ट्रांसफार्मर की लीडें गर्म होकर दहकने लगी और कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर से आग की लपटें निकलने लगीं। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग बुझाई।
ट्रांसफार्मर जलने से सुभाषनगर, ईदगाह, प्रोफेसर कालोनी, मामुड़ी, पीली मस्जिद इलाके का पश्चिमी हिस्सा, आवास विकास कालोनी आदि इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। रविवार सुबह एसडीओ इंद्रराज यादव और ककरा कलां पॉवर सब स्टेशन के प्रभारी जेई अलंकृत मिश्रा ने मौके पर जाकर जला ट्रांसफार्मर देखा। जेई के अनुसार स्टोर से नया ट्रांसफार्मर दिन में तीन बजे के बाद मौके पर पहुंच सका। शाम तक ट्रांसफार्मर बदलने का काम जारी रहने से प्रभावित क्षेत्रों के लोग दिन में भी बिजली को तरस को गए। बिजली न आने से लोग पानी को तरसते रहे।